झाबुआ

सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए मुंबई में डॉ. अंबेडकर नोबल अवार्ड-2022 से सम्मानित होंगे बेनेडिक्ट डामोर

Published

on

10 अप्रेल को देश की महानगरी मुंबई में होगा अवार्ड सेरेमेनी-2022 का आयोजन
झाबुआ जिले से ये होंगे सम्मिलित
झाबुआ। देश की महानगरी मुंबई के प्रसिद्ध सी-होटल, जूहू बीच पर आगामी 10 अप्रेल को भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष में अवार्ड सेरेमनी-2022 का आयोजन रखा गया है। यह अवार्ड सेरेमनी अंर्तराष्ट्रीय मानव अधिकार काउंसिल (बोर्ड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष (संस्थापक) शनि शाह के मार्गदर्शन में संपन्न होंगी। जिसमें देशभर की प्रसिद्ध फिल्मी हस्तीयां, राजनैतिक, प्रशासनिक एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रसिद्ध एवं ख्यातनाम लोग अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। अवार्ड सेरेमनी में देश के विभिन्न स्थानों से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अंर्तराष्ट्रीय मानव अधिकार कांउसिल से जुड़े लोगों का सम्मान किया जाएगा।
जानकारी देते हुए अंर्तराष्ट्रीय मानव अधिकार कांउसिल के जिला मीडिया प्रभारी दौलत गोलानी ने बताया कि इसी क्रम में मप्र के झाबुआ जिले से इस अवार्ड सेरेमेनी में सम्मान के लिए कांउसिल से जुड़े एवं अन्य संस्था जय भीम जागृति समिति, आदिवासी चेतना शिक्षण सेवा समिति, चेतना हाईस्कूल गडवाड़ा के संचालक, जिला टीबी फोरम के वरिष्ठ सदस्य बेनेडिक्ट डामोर का भी चयन हुआ है। उनका चयन झाबुआ जिले में सामाजिक क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में कोरोनाकाल में जरूरतमंदों को आदिवासी चेतना शिक्षण सेवा समिति के माध्यम से निःशुल्क राशन सामग्री प्रदाय किए जाने, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्रों में संस्था के माध्यम से सत्त कार्य करने आदि के चलते उन्हें डॉ. अंबेडकर नोबल अवार्ड-2022 से नवाजा जाएगा।
इनकी भी रहेगी सहभागिता
अवार्ड सेरेमनी में श्री डामोर के साथ अंर्तराष्ट्रीय मानव अधिकार काउंसिल (बोर्ड) के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामप्रसाद वर्मा, काउंसिल के जिलाध्यक्ष अरूण डामोर, जिला सचिव एवं जिला मीडिया प्रभारी दौलत गोलानी, जिला बाल अधिकार मंच एवं अंर्तराष्ट्रीय मानव अधिकार काउंसिल के सेवाभावी तथा समर्पित सदस्य ओमप्रकाश मेड़ा भी सम्मिलित होकर इसका हिस्सा बनेंगे। ज्ञातव्य रहे कि इस अवार्ड सेरेमनी का वर्ष में एक बार डॉ. अंबेडकर जयंती के उपलक्ष में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजन होता है। जिसमें देश के विभिन्न स्थानों से काउंसिल से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्य भाग लेते है।

Trending