RATLAM

चालू रबी मौसम में सिंचाई योजनाओं से लगभग 27 हजार किसानों की 34 हजार हेक्टेयर से अधिक भूमि सिंचित होगी जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक संपन्न

Published

on

रतलाम चालू रबी मौसम में जिले के लगभग 27 हजार किसानों की 34 हजार हेक्टेयर से अधिक भूमि सिंचाई योजनाओं के तालाबों से सिंचित की जाएगी। इनमें धोलावाड, सरोज सरोवर बांध तथा 112 लघु सिंचाई योजनाओं के तालाबों की सिंचाई सुविधा सम्मिलित है। उक्त जानकारी बुधवार को कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी की अध्यक्षता में संपन्न जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक में दी गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री पी.के. खरत, निगमायुक्त श्री हिमांशु भट्ट, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री पी.के. गोगादे, उप संचालक कृषि श्री विजय चौरसिया आदि उपस्थित थे।

धोलावाड़ बांध से रतलाम शहर के लिए पेयजल हेतु पानी आरक्षित किया गया है। वर्ष 2022-23 में रबी सिंचाई के लिए सरोज सरोवर धोलावाड़ बांध से 5600 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई सुविधा देने का लक्ष्य रखा गया है। धोलावाड़ के आसपास के गांवों के 4897 किसान परिवार रबी सिंचाई का लाभ ले सकेंगे। बताया गया कि रतलाम जिले में वर्ष 2022-23 के रबी मौसम में 112 तालाबों से 28 हजार 465 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई सुविधा मिलेगी।

कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिए कि नगर निगम धोलावाड़ बांध के डेड स्टोरेज के पानी का उपयोग करने के लिए भविष्य में इंटकवेल के स्थल को निर्धारित करे। कृषि विभाग पानी की उपलब्धता अनुसार कमांड क्षेत्र के किसानों को कम पानी की फसलें लेने के लिए प्रेरित करें। किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराए।

बताया गया कि दो नई सिंचाई योजनाओं का निर्माण इस वर्ष होने से 635 हेक्टेयर क्षेत्र में अतिरिक्त सिंचाई क्षमता निर्मित हुई है। किसानों की मांग के अनुसार तालाबों से नहर में पानी सिंचाई के लिए छोड़ा जाएगा।

बताया गया कि सरोज सरोवर धोलावाड़ बांध से रतलाम शहर हेतु पेयजल प्राप्त करने के संबंध में जल संसाधन विभाग को नगर निगम से 72 लाख 92 हजार रुपए बकाया राशि प्राप्त की जाना है। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने निगमायुक्त को निर्देशित किया कि इस वर्ष आधी राशि चुका दी जाए। इसी प्रकार शिकारबाड़ी तालाब, गोवर्धन सागर तालाब से पेयजल राशि 1 लाख 62 हजार रुपए नगर परिषद सैलाना से प्राप्त की जाना है। सैलाना को भी आधी राशि चुकाने के निर्देश दिए गए। शेष राशि कुछ समय पश्चात चुकाई जाएगी। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने पेयजल सुरक्षा के लिए नगरीय निकायों को अपनी सुरक्षा व्यवस्था स्थापित करने के लिए निर्देश दिए।

Trending