RATLAM

इलेक्ट्रीशियन बुलाने की बजाय युवक को भेजा:फैक्टरी में युवक को मूंगफली छिलका उतारने की मशीन से करंट लगा, मौत

Published

on

जावरा~~कमलीपुरा क्षेत्र में घर में संचालित नमकीन बनाने की राजश्री फैक्टरी नमकीन में शुक्रवार दोपहर करंट से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने फैक्टरी संचालक व कर्मचारियों के उस्ताद पर एफआईआर दर्ज की। परिजन व पुलिस का कहना है कि हादसे के कुछ देर पहले एक अन्य युवक को भी झटका लगा था। तब उसने सुधार की बात कही थी लेकिन इलेक्ट्रीशियन बुलाने की बजाय उस्ताद ने इस युवक को चेक करने भेज दिया। जैसे ही उसने मूंगफली छिलका उतारने की मशीन काे हाथ लगाया तो करंट लगा और वह नीचे गिर गया। फिर मौत हो गई।

       सिटी थाना प्रभारी वीडी जोशी ने बताया कि युवक दशरथ पिता राधेश्याम सूर्यवंशी (22) निवासी ग्राम सुजापुर है। वह कमलीपुरा स्थित राजश्री नमकीन फैक्टरी में काम करता था। दोपहर 3 बजे उसे मूंगफली छीलने की मशीन से करंट लगा और बेसुध हो गया। अन्य साथी कर्मचारी उसे नर्सिंग होम ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। फिर शव को सिविल अस्पताल भिजवाया। सूचना पर पुलिस पहुंची और रतलाम से एफएसएल अधिकारी भी आए तथा जांच शुरू की। इसमें पता चला है कि करंट चिप्स बनाने की मशीन में पहले से आ रहा था।मूंगफली दाने का छिलके उतारने की मशीन वाइब्रेट होने के कारण खिसककर चिप्स बनाने की मशीन से टच हो गई। इसलिए इसमें भी करंट फैल गया। घटना के कुछ देर पहले एक अन्य कर्मचारी पवन गांधी को भी झटका लगा तो उसने नमकीन उस्ताद जितेंद्र को यह बात बताई तथा मशीन दिखवाने के लिए कहा। संचालक या उस्ताद ने इलेक्ट्रीशियन नहीं बुलाया और दशरथ से चेक करने का कह दिया।

         जैसे ही दशरथ गया और मशीन काे हाथ लगाया तो उसे करंट लगा और बाद में उसकी मौत हो गई। उसके बड़े भाई अशोक सूर्यवंशी ने भी यही बात कही है। उसने भी फैक्टरी संचालक व उस्ताद पर आरोप लगाए। मृतक दशरथ 5 भाइयों में सबसे छोटा था व 3 साल से यहां काम कर रहा था। थाना प्रभारी वीडी जोशी ने बताया कि फैक्टरी संचालक आजाद राठौर व उस्ताद मिस्त्री के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 ए में एफआईआर दर्ज की है। मौके पर सुरक्षा उपकरण भी नहीं थे।

Trending