RATLAM

राष्ट्रपति ने शहडोल से पेसा एक्ट लागू किया:CM बोले- मध्यप्रदेश की धरती पर अब धर्मांतरण का कुचक्र नहीं चलेगा

Published

on

राष्ट्रपति ने शहडोल से पेसा एक्ट लागू किया:CM बोले- मध्यप्रदेश की धरती पर अब धर्मांतरण का कुचक्र नहीं चलेगा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शहडोल में जनजातीय गौरव दिवस समारोह के मंच से नियमावली का विमोचन कर पेसा एक्ट लागू किया। पेसा लागू करने वाला मध्यप्रदेश देश का 7वां राज्य बन गया है। इससे पहले 6 राज्य हिमाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र ने पेसा कानून बनाए हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा- आज मैं सभी देशवासियों को बधाई देती हूं। राष्ट्रपति के रूप में ये मेरी मध्य प्रदेश की पहली यात्रा है। इतनी बड़ी संख्या में उपस्थित भाई-बहनों के बीच आकर बहुत खुश हूं। राज्यपाल ने कहा, पेसा एक्ट लागू हो जाने से ग्राम सभा अब बहुत अधिक शक्तिशाली हो गई है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- पेसा एक्ट किसी के खिलाफ नहीं है। सामाजिक समरसता के साथ ये कानून हम लागू कर रहे हैं। कई लोग लालच में छल-कपट से आदिवासी बिटिया से शादी कर लेते हैं, उसके नाम से जमीन खरीद लेते हैं, लेकिन अब ये नहीं होगा। मध्यप्रदेश की धरती पर धर्मांतरण का कुचक्र नहीं होने देंगे। छल-कपट कर बेटी से शादी कर जमीन हड़पने का काम मध्यप्रदेश की धरती पर हम नहीं होंगे देंगे। यदि यह पता चलता है कि किसी ने छल से जमीन नाम करवा ली है, तो ग्रामसभा उस जमीन को वापस करवाएगी।

अपडेट्स…

  • मुख्यमंत्री ने जब कहा कि नई शराब दुकान बिना ग्राम सभा के अनुमति के नहीं खुलेगी। नशा नाश की जड़ है। उन्होंने लोगों से दोहराने को कहा कि बताओ ये होना चाहिए कि नहीं? भीड़ से आवाज नहीं आई तो बोले- इस पर तालियां कम बज रहीं हैं…, आवाज नहीं आ रही…।
  • जनजातीय गौरव समारोह के मंच पर राष्ट्रपति का पारंपरिक मुकुट पहनाकर स्वागत किया। आदिवासी कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य किया।
  • राष्ट्रपति ने संपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जनजातीय विभाग ने संपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रम योजना बनाई है।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शहडोल में कार्यक्रम स्थल पर ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के तहत लगाए गए स्टॉल्स देखे।
  • प्रेसिडेंट पहले जबलपुर एयरपोर्ट आईं, फिर वहां से शहडोल। जबलपुर एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें रिसीव किया।
कार्यक्रम स्थल पर लोगों का आना सुबह से शुरू हो गया था। कार्यक्रम में प्रदेश के 11 जिलों से आदिवासी आए हैं। दावा 1 लाख से ज्यादा लोगों के जुटने का है।

1 लाख से ज्यादा लोगों के जुटने का दावा

शहडोल में हो रहे इस समारोह में 1 लाख से ज्यादा लोगों के जुटने का दावा है। 2500 बसों के जरिए प्रदेश के दूसरे जिलों से भी लोगों को कार्यक्रम में लाया गया है। बिरसा मुंडा जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद द्रौपदी मुर्मू का यह MP में पहला दौरा है। वे 22 घंटे से ज्यादा एमपी में रहेंगी। शहडोल के बाद भोपाल जाएंगी।

MP गठन के बाद पहली बार शहडोल में राष्ट्रपति का कार्यक्रम

मध्यप्रदेश गठन के बाद पहली बार किसी राष्ट्रपति का शहडोल में आगमन हो रहा है। 1 नवंबर 1956 से पहले 1953 में भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद एक दफा शहडोल जिले के बुढ़ार में स्पेशल ट्रेन से आए थे। उस समय विंध्य प्रदेश का बुढ़ार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का केंद्र बिंदु था। डॉ. राजेंद्र प्रसाद यहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और शहीद हुए परिजन के सम्मान समारोह में शामिल हुए थे। उस समय शहडोल जिले के बुढ़ार में बिजली की व्यवस्था नहीं थी, तब कटनी से अभिनंदन पत्र छपकर आया था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम स्थल पर 4.5 लाख वर्गफीट का विशाल टेंट बनाया गया है।

ऐसा है राष्ट्रपति का करीब 22 घंटे 45 मिनट का कार्यक्रम

  • शहडोल से रवाना होकर शाम 5.25 बजे राजभवन भोपाल आएंगी।
  • शाम 6.30 से रात 7.15 बजे तक राजभवन में राष्ट्रपति का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जाएगा।

राजभवन से इन परियोजनाओं का वर्चुअल शिलान्यास करेंगी

  • रातापानी , औबेदुल्लागंज–इटारसी राजमार्ग को फोरलेन किये जाने का शिलान्यास (वर्चुअल माध्यम से)
  • DRDE ग्वालियर की लैबोरेटरी का (BSL-4) का शिलान्यास (वर्चुअल माध्यम से)

16 नवंबर को भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होगा SHGs का सम्मेलन

  • बुधवार दोपहर 11.30 से दोपहर 12.30 बजे तक भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में महिला स्व सहायता समूहों के सम्‍मेलन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी।
  • दोपहर 12.45 बजे स्टेट हैंगर भोपाल से राष्ट्रपति दिल्ली प्रस्थान करेंगी।

कार्यक्रम के लिए 4.5 लाख स्क्वायर फीट में लगाया टेंट, सुरक्षा में 2500 जवान

शहडोल में लालपुर हवाई पट्टी में कार्यक्रम स्थल पर विशाल मंच बनाया गया है। 4 लाख 50 हजार स्क्वायर फीट एरिया में टेंट लगाया गया है। 8 बड़े डोम पंडाल भी बनाए गए हैं। कार्यक्रम स्थल से राष्ट्रपति के भाषण को जनपद स्तर पर पूरे मध्यप्रदेश में लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा, जिसे सभी ग्राम पंचायत के आम नागरिक वहां उपस्थित रहकर देख सकेंगे।

सुरक्षा के लिहाज से पुलिस के 2500 जवान तैनात किए गए हैं। इसमें बम स्क्वॉयड, एसपीजी और अन्य जिलों से आया हुआ पुलिस बल शामिल है। इसके साथ ही लगभग 100 राजपत्रित अधिकारी व 20 आईपीएस अधिकारी शहडोल पहुंच चुके हैं। पार्किंग के लिए 10 स्थानों को सुरक्षित किया गया है। नेशनल हाईवे 43 शहडोल से अनूपपुर मार्ग में भारी वाहनों का आवागमन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रहेगा। यात्री बसें और चार पहिया वाहनों का आवागमन राष्ट्रपति के आगमन से 30 मिनट पहले से जाने के 30 मिनट बाद तक बंद रहेगा।

मंच पर ये भी मौजूद

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल, केंद्रीय मंत्री जनजाति कार्य मंत्रालय अर्जुन मुंडा, केंद्रीय राज्यमंत्री इस्पात एवं ग्रामीण विकास फग्गन सिंह कुलस्ते, मंत्री मीना सिंह मंडावे जनजाति कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण, वनमंत्री कुंवर विजय शाह, बिसाहूलाल सिंह मंत्री खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, मंत्री प्रेमसिंह पटेल पशुपालन तथा सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन, शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह भी मौजूद हैं।

Trending