RATLAM

वाहन चलाने की समझ जरूरी, रतलाम में लेन के फेर में हो जाते हैं हादसे

Published

on

 

हाईवे पर तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों में से अधिकांश नियमों का पालन नहीं करते। व्यावसायिक वाहन चालकों को छोड़ दें तो हर दूसरे वाहन में यही लापरवाही दिखाई देती है। इसके चलते हादसे हो रहे हैं।

रतलाम । हाईवे पर तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों में से अधिकांश नियमों का पालन नहीं करते। व्यावसायिक वाहन चालकों को छोड़ दें तो हर दूसरे वाहन में यही लापरवाही दिखाई देती है। इसके चलते हादसे हो रहे हैं। एक्सप्रेस वे, फोरलेन, टूलेन पर वाहन चलाने के लिए नियमों का ज्ञान बेहद जरूरी है। हाईवे की हर लेन पर स्पीड के लिए भी तय मानक हैं। कई बार सीधे जाने वाली थ्रूलेन में चालक धीमी गति से वाहन चलाते हैं। इससे भी पीछे तेज गति से आने वाले वाहन के टकराने की घटनाएं होती हैं। रात में वाहन चलाते समय लाइट, डीपर देने, वाहन रोकने, पार्किंग-ले बाय में जाने के लिए तय नियमों की जानकारी होना भी चालक के लिए जरूरी है। इन नियमों की नाम मात्र की जानकारी ही लाइसेंस देने के समय पूछी जाती है।

जागरूकता अभियान यातायात सुरक्षा सप्ताह तक सीमित

वाहन चलाने के नियमों के प्रति जागरुकता को लेकर परिवहन विभाग, ट्रैफिक पुलिस के स्तर पर औपचारिकता ही पूरी की जा रही है। यातायात सप्ताह में स्कूल, कालेज व हाइवे पर सेमिनार, रैली आदि आयोजित की जाती है, लेकिन शेष समय में कोई ध्यान नहीं देता। रतलाम में पांच मोटर ड्राइविंग स्कूल हैं। प्रशिक्षण में सभी नियमों की आडियो, वीडियो के माध्यम से जानकारी देना अनिवार्य होता है, लेकिन संचालक मौखिक तौर पर आधी अधूरी जानकारी देते हैं। नाबालिग भी वाहन चलाते देखे जाते हैं, जिससे हादसे होते हैं।
कृषि वाहनों पर सर्वाधिक लापरवाही

हाईवे के साथ ही ग्रामीण अंचल के मार्गों पर भी कृषि वाहनों के चालकों की नासमझी जानलेवा साबित होती है। ट्रैक्टर-ट्राली लेकर चलने के दौरान अचानक वाहन रोकना, मोड़ने से कई बड़े हादसे हुए हैं।

मोटर ड्राइविंग स्कूल के लाइसेंस संभागीय कार्यालय से जारी होते हैं। वाहन चलाने में रखी जाने वाली सावधानियां, रोड सेफ्टी नियमों को लेकर यातायात सुरक्षा सप्ताह के दौरान गतिविधियां की जाती हैं। समय-समय पर जांच अभियान भी चलाया जाता है। वाहन चालकों को भी नियमों की जानकारी लेने व पालन करने के प्रति जागरूक रहना चाहिए। – दीपक माझी, आरटीओ रतलाम

Trending