RATLAM

भाजपा पदाधिकारियों, मोर्चा व प्रकोष्ठों की बैठक,असंभव कार्य को संभव बनाना भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान – प्रदेश प्रभारी राव

Published

on

65 हजार बूथों पर जीत का बनेगा एक्शन प्लान,कार्यकर्ता लेंगे बूथ विजय संकल्प

            रतलाम, । भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है। इसमें प्रत्येक कार्य के लिए कार्यकर्ता और प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए कार्य होता है। संगठन जो भी दायित्व प्रदान करें, उसका निर्वहन पूरी क्षमता एवं समर्पण भाव के साथ करें। एक छोटा कार्यकर्ता बूथ से लगाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर तय करता है, तो वह सिर्फ भाजपा में ही संभव है। असंभव कार्य को संभव बनाना भाजपा कार्यकर्ता की पहचान है। इसके लिए लक्ष्य निर्धारित कर सकारात्मक सोच के साथ लगातार आगे बढ़ते रहे।

यह बात भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कही। विधायक जनसंपर्क कार्यालय पर पहले भाजपा के मोर्चा प्रकोष्ठों एवं बाद में जिला पदाधिकारी एवं मण्डल अध्यक्षों की बैठक को सम्बोधित करते हुए श्री राव ने पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्र में प्रवास करने का आह्वान करते हुए कहा कि राजनीतिक क्षेत्र में प्रवास अत्यंत आवश्यक है। इससे संगठन को मजबूती मिलती है। प्रदेश पदाधिकारी जिले एवं जिला पदाधिकारी मण्डल तथा मण्डल पदाधिकारी बूथों का प्रवास सुनिश्चित करें। रतलाम जिले में 1296 बूथों पर भाजपा को 50 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त हो, ऐसे प्रयास सभी कार्यकर्ताओं को अभी से शुरू कर देना चाहिए।

श्री राव ने कहा कि भाजपा आगामी 2-3 माह में 65 हजार बूथों के लिए एक्शन प्लान तैयार कर रही है। इसमें कार्यकर्ता बूथ विजय संकल्प लेकर कार्य करेगी। संगठन, मोर्चा व प्रकोष्ठ की बैठकें आयोजित करने एवं हर बैठक में कार्यों की समीक्षा करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। इससे अधिक अनुकूल समय पहले कभी नहीं रहा, इसलिए सभी अपनी जवाबदेही समझे और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिले, यह सुनिश्चित करें।

श्री राव ने बैठकों में सीधा संवाद कर उपस्थित पदाधिकारियों से समस्या, चुनौती एवं लक्ष्य की चर्चा की। उन्होंने कहा कि तकनीकी युग में प्रत्येक व्यक्ति के कार्य की निगरानी हो रही है। यह तय मान कर चलिए कि जो भी व्यक्ति पार्टी और अनुशासन विरूद्ध कार्य करता है, उसका भविष्य अंधकारमय है।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. चिंतामणी मालवीय, संभाग प्रभारी आलोक शर्मा, विधायक चेतन्य काश्यप, डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, दिलीप मकवाना, जिला महामंत्री संगीता चारेल, प्रदीप उपाध्याय, निर्मल कटारिया, प्रदेश कार्य समिति सदस्य के.के. सिंह कालूखेड़ा, निमिष व्यास आदि उपस्थित रहे।

 

सालाखेड़ी में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने किया आत्मीय स्वागत

हरमुद्दा
रतलाम, 26 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव शनिवार को रतलाम जिले के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे। सालाखेडी में जिला भाजपा की और से उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद सर्किट हाउस में स्वागत हुआ। श्री राव ने श्री कालिका माता मंदिर पहुंचकर मां की पूजा अर्चना और आरती कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. चिंतामणी मालवीय, संभाग प्रभारी आलोक शर्मा, विधायक चेतन्य काश्यप, डॉ. राजेन्द्र पांडेय मौजूद रहे।

 

जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश प्रभारी राव निर्धारित कार्यक्रम अनुसार सालाखेड़ी में आए। यहां विधायक काश्यप, डॉ. पांडे, महापौर, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, जिला महामंत्री निर्मल कटारिया, जिला उपाध्यक्ष महेश सोनी, बलवंत भाटी, पूर्व महामंत्री मनोहर पोरवाल, पूर्व उपाध्यक्ष अशोक जैन लाला, मंडल अध्यक्ष निलेश गांधी, मयूर पुरोहित, आदित्य डागा, कृष्णकुमार सोनी सहित पार्षदगण एवं पार्टी, मोर्चा व प्रकोष्ठ पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

सर्किट हाउस पर हुआ अभिनंदन

इसके बाद श्री राव सर्किट हाउस पहुंचे। यहां संभाग प्रभारी आलोक शर्मा एवं प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सचिन सक्सेना ने स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने श्री राव का शॉल-श्रीफल से अभिनंदन किया। प्रदेश प्रभारी श्री राव रतलाम में सर्वप्रथम श्री कालिका माता मंदिर पहुंचे और माता की आरती कर आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में श्री कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष राजाराम मोतीयानी ने स्वागत सम्मान कर स्मृति चिन्ह भेंट किया।

स्वामी जी से लिया आशीर्वाद

श्री राव ने अखंड ज्ञान आश्रम पहुंचकर महामंडलेश्वर पीठाधीश्वर श्री स्वामी स्वरूपानंदजी महाराज के दर्शन वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। स्वामी देवस्वरूपानंदजी महाराज से भी मुलाकात की। स्वामीजी ने श्री राव को धर्म साहित्य भेंट किया।

Trending