RATLAM

कालोनाइजरों पर शिकंजे की तैयारी, निगम दर्ज कराएगी एफआईआर

Published

on

नगर निगम ने अवैध कॉलोनाइजरों पर कार्रवाई के लिए काफी समय से कर रखी है तैयारियां, जल्द ही एफआईआर होने के संकेत मिले

रतलाम ! रतलाम. शहर में अवैध और नियम विरुद्ध कॉलोनियां काटकर जनता को परेशानी में डालने वाले कॉलोनाइजर अब खुद परेशानी में पडऩे वाले हैं। निगम सूत्र बताते हैं कि जिन 54 कॉलोनी के 150 से ज्यादा कॉलोनाइजर और पार्टनरों पर एफआईआर दर्ज करने के लिए तैयारियां चल रही थी उन्हें दोबारा अपना पक्ष रखने का समय दिया था। तय समयावधि में 15 ने ही अपना पक्ष रखा और इसका निराकरण भी निगम ने कर दिया है। माना जा रहा है कि इस सप्ताह इन सभी पर एफआईआर दर्ज हो जाएगी।

15 ने रखा पक्ष, चार सही पाए गए
अवैध कालोनी बनाने वालों को दोबारा अपना पक्ष रखने के लिए पुलिस की तरफ से निगम से कहा गया तो निगम ने समयावधि तय करके उनका पक्ष मांगा था। 15 कॉलोनाइजरों ने ही अपना पक्ष रखा था। इसके अलावा कोई भी अपना पक्ष रखने नहीं पहुंचा। इन 15 में से चार ऐसे रहे जिनका पक्ष सही पाया गया। 11 का पक्ष सही नहीं पाया गया।
पक्ष सही तो हटा दिए नाम
जिनके पक्ष सही पाए गए उनके नाम सूची से हटा लिए गए। शेष सभी पर एफआईआर दर्ज कराने की फिर से प्रक्रिया शुरू हो गई है। गौरतलब है कि शहर और शहर से लगे क्षेत्र में अवैध रूप से काटी गई 54 कॉलोनियों के 150 से ज्यादा कालोनाइजर और उनके पार्टनरों पर निगम ने एफआईआर दर्ज करने की तैयारी पिछले छह माह से कर रखी है।
बहुत जल्द होगी एफआईआर
अवैध रूप से कॉलोनी काटकर लोगों को परेशानी में डालने और नियमों की अवहेलना करने वालों पर जल्द ही एफआईआर दर्ज करवा दी जाएगी। सारी तैयारियां हो गई है और जिन्होंने अपना पक्ष रखा है उनका निराकरण भी कर दिया गया है। इस सप्ताह एफआईआर होना तय है।
सुरेशचंद्र व्यास, सिटी इंजीनियर, नगर निगम, रतलाम

Trending