RATLAM

आयोजन:पंच कुंडीय गायत्री यज्ञ की पूर्णाहुति पर निकाली गई कलश यात्रा

Published

on

रतलाम~~शहर से 13 किमी दूर ग्राम ईटावाखुर्द में स्थित श्री खेड़ापति हनुमान जी मंदिर में 62वां पंच कुंडीय पांच दिनी मां गायत्री महायज्ञ की पूर्णाहुति शुक्रवार को हुई। पूर्णाहुति के पहले गांव के श्री चारभुजा नाथ मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा पूरे गांव में भ्रमण करती हुई आयोजन स्थल गायत्री मंदिर पहुंची। कलश यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। वर्तमान में फैल रहे प्रदूषण, तनाव, रोग, विश्व बंधुत्व, राष्ट्रीय एकता आदि की स्थापना को लेकर ग्राम ईटावाखुर्द में पांच दिनी गायत्री महायज्ञ ग्रामवासियों के सहयोग से किया गया।

आचार्य पंडित रणछोड़लाल शास्त्री के सान्निध्य में यजमान मुन्नालाल कुमावत, कालूराम गुजरिया, प्रहलाद लोहार, जगदीशचंद्र चौहान, जुगल कुमावत सहित अन्य ने हवन कुंड में आहुतियां दीं। शुक्रवार को पूर्णाहुति के पहले सुबह गांव स्थित श्री चारभुजा नाथ मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। गायत्री मंदिर पहुंचने के बाद यहां पूर्णाहुति हुई। महाआरती के बाद शाम 4 बजे बाद से प्रसादी दी गई। जिसमें ईटावाखुर्द सहित आसपास के ग्रामीण व अन्य क्षेत्र से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। इसमें समिति अध्यक्ष रमेश कुमावत, कोषाध्यक्ष मनोहरसिंग पंवार, दयाशंकर पलनपुरा, विशाल कुमावत सहित ग्रामीणों ने सहयोग दिया।

कलश यात्रा के साथ ही शिव महापुराण कथा शुरू

श्रृंगी नगर स्थित श्री सिखवाल ब्राह्मण समाज के महर्षि श्रृंग मंदिर स्थापना की चौथी वर्षगांठ को लेकर शुक्रवार को कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा के साथ ही यहां शिव महापुराण कथा शुरू हो गई है। महर्षि श्रृंग मंदिर की स्थापना को लेकर श्री सिखवाल ब्राह्मण समाज द्वारा सात दिनी संगीतमय शिव महापुराण सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इसके तहत शुक्रवार सुबह मोहन नगर स्थित श्री हठिलेश्वर महादेव मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई, जो प्रमुख मार्गों से होती हुई आयोजन स्थल महर्षि श्रृंग मंदिर पहुंची।

इसके बाद दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक पं. पुष्पेंद्र भाई ओझा ने शिव महापुराण कथा का वाचन किया। यहां प्रतिदिन यजमान द्वारा पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक सुबह 9.15 से 11.15 बजे तक अभिषेक होगा। मीडिया प्रभारी धीरज व्यास ने बताया कि प्रतिदिन रात 8 से 11 बजे तक भजन-कीर्तन होंगे। 12 जनवरी को पूर्णाहुति के दिन दोपहर 2 बजे से सिखवाल ब्राह्मण समाज की राष्ट्रीय महासभा पुष्कर की बैठक व पदाधिकारियों का सम्मान समारोह होगा।

हवन कुंड की क्यारियों के किनारे लगाए गए तुलसी के 201 पौधे, 12 से होगा यज्ञ

अखिल विश्व गायत्री परिवार रतलाम शाखा द्वारा शहर में 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ 12 जनवरी से होने वाला हैं। इसको लेकर तैयारियां चल रही हैं। शुक्रवार को योग वेदांत सेवा समिति पंचेड़ ने 201 तुलसी के पौधे दिए। गायत्री परिवारजनों ने हवन कुंड की क्यारियों के किनारे लगाए। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में विराट 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ व प्रज्ञा पुराण कथा, तुलसी विवाह का आयोजन 12 से 15 जनवरी तक किया जा रहा।

राजीव गांधी सिविक सेंटर स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पास हवन कुंड के साथ ही अन्य तैयारियां की जा रही हैं। शुरुआत में निकलने वाली कलश यात्रा की केसरी चुनरिया तैयार करने में महिलाएं लगी हैं। महिलाओं ने शास्त्री नगर में घर-घर जाकर आमंत्रण दिया। इस दौरान संगीता राठौड़, प्रेमलता साहू, ऋतु सैनी, सुनीता शर्मा, क्षेत्रीय पार्षद मनीषा विजयसिंह चौहान आदि मौजूद रहीं। मुख्य ट्रस्टी गायत्री परिवार ट्रस्ट नगर के पं. पातीराम शर्मा, गायत्री जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश प्रभु राठौड़, विवेक चौधरी, शिवपाल छप्री, एमएम साहू, भरत राठौड़ सहित गायत्री परिजन तैयारियों में जुटे हैं।

Trending