RATLAM

लाखों का खर्च, फिर भी खिलाड़़ी हो रहे चोटिल

Published

on

लाखों का खर्च, फिर भी खिलाड़़ी हो रहे चोटिल जिले के अग्रणी कॉलेज के खेल मैदान के हाल-बेहाल, खिलाड़ी हर दिन हो रहे हैं चोटिल

रतलाम. जिले के सबसे बड़े और अग्रणी कॉलेज ने भी इसे सुधारने के लिए एक लाख रुपए खर्च कर दिए हैं। बावजूद इसके हालात में सुधार नहीं हुआ है। खेल मैदान में प्रैक्टिस करने आने वाले खिलाड़ी हर दिन चोटिल हो रहे हैं। इनमें छोटे बच्चों से लेकर बड़े खिलाड़ी भी शामिल है। खिलाडिय़ों और खेल संगठन लगातार इसे लेकर अपनी बात रख रहे हैं लेकिन उनकी आवाज जिला प्रशासन तक नहीं पहुंच पा रही है।

कई महीनों तक बेजार स्थिति
पिछले साल नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के दौरान सामग्री वितरण और जमा करने के लिए यहां डोम लगाया गया था। डोम लगाने के बाद भी बारिश हुई तो मैदान को खोदकर नालियां बनाकर पाइप लगा दिए गए थे। मैदान के एक बड़े हिस्से में चूरी डाल दी गई और ट्रेक खोदकर नालियां बना दी गई थी। डोम हटाने के बाद मैदान को ऐसा ही छोड़ दिया गया।

लगातार जताया विरोध
खेल मैदान के खराब होने के बाद से खेल संगठन और खिलाड़ी इसे सुधारने की मांग करते रहे। महीनों तक ऐसे ही जर्जर स्थिति में रहने के बाद अग्रणी कॉलेज ने खेल मैदान से चूरी हटाकर नालियों की खुदाई से निकली मिट्टी हटाई लेकिन समस्या का हल नहीं हुआ है। इस पर अब तक करीब एक लाख रुपए खर्च किए जा चुके हैं। मैदान की दशा नहीं सुधर पाई।

हजारों खर्च करने के बाद मैदान वैसा का वैसा ही
शहर में शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के मैदान को सुधारने के नाम पर हजारों रुपए का बिल पास हो गया, लेकिन खेल मैदान जस-की-तस होकर अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। खेल मैदान का ट्रेक दौडने तो क्या चलने लायक भी नहीं है। खिलाड़ी जो इस मैदान पर जैसे-तेसे पै्रक्टिस करते हैं वे आए दिन चोटग्रस्त हो रहे हैं। खिलाडिय़ों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है और जिम्मेदार लोग खामोश है।
राकेश शर्मा एडवोकेट एवं खेल प्रशिक्षक

और सुधार की जरुरत
खेल मैदान को सुधारने के लिए हमने करीब एक लाख रुपए खर्च किए हैं। मैदान में अब भी पत्थर और सामग्री है जिसे हटाया जा रहा है। यह सही है कि खेल मैदान बुरी हालत में हो गया था।
डॉ. वायके मिश्रा, प्राचार्य अग्रणी कॉलेज, रतलाम        (पत्रिका से साभार)

Trending