RATLAM

फाग उत्सव:फाग उत्सव हो रहे, सज गईं रंग-गुलाल की दुकानें

Published

on

फाग उत्सव:फाग उत्सव हो रहे, सज गईं रंग-गुलाल की दुकानें

रतलाम~~शहर में रविवार को कई स्थानों पर फाग उत्सव हुए। होली के गीत व भजनों पर श्रद्धालुओं ने झूमते हुए गुलाल और पुष्प वर्षा की तो वहीं शहर के विभिन्न बाजारों की रौनक भी बढ़ गई है। रंग-गुलाल, पिचकारी के साथ ही होली के लिए अन्य सामग्री की खूब बिक्री हो रही है।

शाम के समय रंगे-बिरंगे सजे बाजार की सुंदरता देखते ही बन रही। मानस धाम में मनाया फाग उत्सव – शक्ति नगर स्थित मानस धाम में फाग उत्सव मनाया गया। इसमें नगर निगम गणेश मंडल मंडली सहित शक्ति नगर के आसपास के महिला मंडल ने मिलकर भगवान राधा-कृष्ण का पूजन किया और भजनों के साथ उत्साह पूर्वक फाग उत्सव बनाया।

सनातन पुष्प फाग में उड़ाए पुष्प पुराने कलेक्टोरेट स्थित गुलाब चक्कर में सनातन पुष्प फाग महोत्सव मनाया गया। जनमंच ग्रुप द्वारा हुए महोत्सव में मंडली द्वारा होली के भजन व गीत गाए। इस दौरान मौजूद सभी ने नृत्य करते हुए पुष्प वर्षा की।

रंगारंग फाग उत्सव मनाया श्री चारभुजा मंदिर राजपूत समाज ने रंगारंग फाग उत्सव मनाया। इसमें 1 क्विंटल से ज्यादा रंग गुलाल और फूल बरसाए गए। ओम शिव भक्त मंडल ने रंगारंग फाग उत्सव की प्रस्तुति दी गई। इस दौरान समाज के ट्रस्ट अध्यक्ष ठाकुर विजय सिंह हारौड, महिला मंडल अध्यक्ष राम कुमार राठौर सहित कई गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।

श्री गढ़कैलाश में उड़ा गुलाल और पुष्प अमृत सागर तालाब स्थित श्री गढ़कैलाश मंदिर में फाग उत्सव मनाया गया। श्री गढ़कैलाश सेवा समिति द्वारा हुए भाग उत्सव में पं. गोपाल कृष्ण शर्मा और उनकी टीम ने एक से बढ़कर एक भजनों व होली के गीतों की प्रस्तुतियां दीं।

यहां उनके द्वारा महाकाल मेरे…, महाकाल मेरे… और होली के गीतों पर श्रद्धालु झूमे। इस दौरान श्री गढ़कैलाश सेवा समिति के पदाधिकारी, सदस्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आज बिरज में होली रे रसिया… पर झूमे लोग आज बिरज में होली रे रसिया ….होली में उड़े रे गुलाल… महारो तो है सेठ सांवरिया…. जैसे मधुर गीतों पर बड़बड़ हनुमान मंदिर परिसर स्थित जानकी मंडप में महिलाएं तथा पुरुष फाग उत्सव में जमकर थिरके। पंडित लोकेश वैष्णव ने सुमधुर स्वरों में भजन प्रस्तुत किए। सोनू परवाल, अनिल परवाल सहित नागरिक मौजूद थे। इस अवसर पर राधा कृष्ण की आकर्षक झांकी भी सजाई गई।

Trending