DHAR

धार किले में महिला पर्यटकों को किया जागरूक मध् प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल योजना अंतर्गत हुआ आयोजन

Published

on


धार 17 अप्रैल 2023/ मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं वसुधा विकास संस्थान धार द्वारा विश्व विरासत दिवस के उपलक्ष में महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल योजना अंतर्गत एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम में किले में महिलाओं पर्यटकों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि किस तरह से पर्यटन स्थल पर पहुंचने की पूर्व वहां की सारी जानकारियां हासिल कर लेना चाहिए। साथ ही जिला प्रशासन, पर्यटन बोर्ड, पुरातत्व विभाग, पुलिस सहित अन्य एजेंसियों की किस तरह से मदद ली जा सकती है। इस पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर बताया गया कि प्रति वर्ष 18 अप्रैल को विश्व स्तर पर विरासत दिवस मनाया जाता है।
वुसधा विकास संस्थान की ओर से समन्वयक पूजा कुशवाहा ने यहां आने वाली महिला पर्यटकों को जागरूक किया। साथ ही उन्हें महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल योजना की जानकारी देते हुए पर्यटन विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। इसमें महिलाओं ने उत्साह पूर्ण भागीदारी की। उन्हें मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के बैज भी लगाए गए।
मालीपुरा में बनाई समिति
इधर मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड भोपाल एवं वसुधा विकास संस्थान धार द्वारा ग्रामीण पर्यटन परियोजना के अंतर्गत पर्यटन स्थल मांडू के नजदीक पर्यटन ग्राम मालीपुरा में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत मालीपुरा ग्राम में होमस्टे निर्माण व ग्रामीण जीवन के अनुभव संबंधी गतिविधियों के संचालन के लिए हितग्राहियों को प्रशिक्षित एवं प्रेरित करने का कार्य किया गया है। इसी क्रम में मालीपुरा ग्राम को पर्यटन ग्राम के रूप में विश्व स्तर पर पहचान दिलाने के लिए मालीपुरा के समुदाय के साथ ग्राम पर्यटन समिति एवं युवा क्लब का गठन किया गया।
वसुधा विकास संस्थान की डायरेक्टर डाक्टर गायत्री परिहार ने बताया कि मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड से सलाहकार जुबीन शालू एवं सहायक आयुषी पगारे द्वारा ग्रामीणों के साथ बैठक करके सभी की सर्व सहमति से ग्राम पर्यटन समिति का निर्माण किया गया। इसके माध्यम से मालीपुरा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए कार्य किए जाएंगे। इसमें समुदाय के ही सदस्य पर्यटकों को अपनी सेवाएं देंगे और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कार्य करेंगे। ग्राम पर्यटन समिति के गठन की प्रक्रिया में वसुधा विकास संस्थान से समन्वयक पूजा कुशवाह एवं कार्यकर्ता जया चोपड़ा एवं दलपतराम मुवेल द्वारा सहयोग किया गया।

Trending