Connect with us

झाबुआ

संचालनालय वित्तीय प्रबंधन सूचना प्रणाली का पुनगर्ठन कर 47 नवीन पदों के सृजन एवं प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट के गठन का अनुमोदन लोकतंत्र सैनानियों के संबंध में की गई घोषणा को दी अनुमति मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद के निर्णय*****हर घर तिरंगा अभियान और स्वतंत्रता दिवस को जन उत्सव के रूप में मनाया जाए – मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री डॉ. यादव लाड़ली बहनों को 1900 करोड़ रूपए सिंगल क्लिक से करेंगे अंतरित

Published

on

संचालनालय वित्तीय प्रबंधन सूचना प्रणाली का पुनगर्ठन कर 47 नवीन पदों के सृजन एवं प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट के गठन का अनुमोदन

लोकतंत्र सैनानियों के संबंध में की गई घोषणा को दी अनुमति

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद के निर्णय

रतलाम अगस्त 2024/मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंत्रालय में हुई। मंत्रि-परिषद द्वारा वित्त विभाग के अंतर्गत संचालनालय वित्तीय प्रबंधन सूचना प्रणाली का पुनर्गठन मान्य करते हुये 47 नवीन पदों के सृजन तथा नियमों में संशोधन एवं (पी.एम.यू) प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट के गठन का अनुमोदन किया गया। इस निर्णय से प्रदेश के वित्तीय प्रबंधन की गुणवत्ता एवं सटीकता में और सुधार होगा। संचालनालय वित्तीय प्रबंध सूचना प्रणाली वर्ष 1980 से अस्तित्व में है। इसके माध्यम से राज्य शासन के आय-व्यय का निरंतर अनुश्रवण, राज्य शासन के मुख्य तथा अनुपूरक बजट,राज्य शासन के नगद शेष का अनुश्रवण, राज्य शासन का ऋण प्रबंधन, महालेखाकार कार्यालय से प्राप्त आय-व्यय के आंकड़ों के आधार पर विभिन्न वित्तीय सूचनायें एवं विश्लेषण के कार्य संपादित किये जाते हैं। बजट प्रक्रियाओं में निरन्तर परिवर्तन/सुधार तथा वित्तीय संव्यवहारो में अधिक सजगता व सतर्कता की आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए वित्तीय प्रबंध सूचना प्रणाली संचालनालय की वर्तमान संगठनात्मक संरचना को सुद्दढ़ किये जाने का निर्णय लिया गया।

लोकतंत्र सेनानियों के दिवंगत होने पर अंत्येष्टि के लिए सहायता राशि में वृद्धि

मंत्रि-परिषद द्वारा लोकतंत्र सेनानियों के दिवंगत होने पर अंत्येष्टि के लिए प्रदाय की जा रही वर्तमान राशि 8 हजार रूपये में वृद्धि कर 10 हजार रूपये किये जाने एवं दिवंगत लोकतंत्र सेनानियों की राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि किए जाने की स्वीकृति दी गईं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 26 जून 2024 को यह घोषणा की थी। घोषणा की पूर्ति के लिए अंत्येष्टि के लिए सहायता राशि में वृद्धि के लिए मध्यप्रदेश लोकतंत्र सेनानी सम्मान नियम 2018 की कंडिका 5(2) में संशोधन तथा राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि किये जाने के लिए नवीन कंडिका 5(3) प्रतिस्थापित की जाने की अनुमति दी गयी।

मध्यप्रदेश कार्य (आवंटन) नियम को अद्यतन करने के संबंधी स्वीकृति

मंत्रि-परिषद द्वारा मध्यप्रदेश कार्य (आवंटन) नियम में उर्जा विभाग और पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अन्तर्गत वर्तमान प्रविष्टियों के स्थान पर संक्षेपिका के अनुसार प्रविष्टियां प्रतिस्थापित करने की स्वीकृति दी गईं। विभिन्न विभागों की संरचना में परिवर्तन एवं उनके कार्यों का विस्तार होने तथा विभागों का आपस में संविलियन हो जाने से विभागों के क्रियाकलापों में काफी परिवर्तन आया है। अनेक योजनाओं के आरंभ हो जाने के कारण भी विभागों के दायित्व परिवर्तित हुए हैं। तद्नुसार परिवर्तनों का समावेश करते हुए मध्यप्रदेश कार्य (आवंटन) नियम में संशोधन कर अद्यतन किये जाने की स्वीकृति दी गयी।

“मध्यप्रदेश कार्यपालक शासन के कार्य नियम“ 3 में संशोधन की मंजूरी

मंत्रि-परिषद द्वारा “मध्यप्रदेश कार्यपालक शासन के कार्य नियम“ में संशोधन करते हुए, “कागज़-पत्र“ या “अभिलेख“ के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक अभिलेख को भी मंजूरी दी गयी।

जेल विभाग के विभिन्न निर्माण कार्यों और 279 पदों की प्रशासकीय स्वीकृति

मंत्रि-परिषद द्वारा बुरहानपुर जेल के आवास गृहों के निर्माण कार्य के लिए 73 करोड़ 44 लाख रूपये तथा 60 पदों के सृजन, सब जेल मऊगंज के आवास गृहों के निर्माण के लिए 19 करोड़ 44 लाख रूपये तथा 33 पदों के सृजन, सब जेल मैहर के उन्नयन के संबंध में पुनर्घनत्वीकरण योजना अंतर्गत नई जेल का निर्माण कराये जाने तथा योजना के डीपीआर पर अनुमोदन प्रदाय कर 33 अतिरिक्त पदों के सृजन, जिला जेल अनूपपुर में 60 पदों के सृजन, सब जेल त्योंथर के लिए 31 पदों के सृजन, सब जेल बड़नगर में 31 पदों के सृजन तथा सब जेल गैरतगंज में 31 पदों के सृजन की प्रशासकीय स्वीकृति दी गईं।

शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय रीवा में 02 नवीन संकाय प्रारंभ करने की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद द्वारा शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय रीवा में 02 नवीन संकाय सिविल एवं मैकेनिकल प्रारंभ करने के लिए पदीय संरचना की स्वीकृति प्रदान की गयी। सिविल संकाय में 01 विभागाध्यक्ष एवं 06 व्याख्याता और मैकेनिकल संकाय में 01 विभागाध्यक्ष एवं 06 व्याख्याता के पद शामिल है। इन संकाय के प्रारंभ होने से रीवा अंचल के विद्यार्थियों को तकनीकी रोजगारमूलक शिक्षा का लाभ प्राप्त होगा। प्राकृतिक संपदा से ओत-प्रोत रीवा जिले में स्थित औद्यौगिक क्षेत्रों में सीमेंट फैक्ट्रियों की अधिकता है। इन औद्यौगिक इकाइयों में सिविल एवं मैकेनिकल के छात्रों की मांग बनी रहती है। शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय रीवा में फॉयर टेक्नालॉजी एण्ड सेफ्टी ब्रांच को यथावत वर्तमान पद स्वीकृति सहित रखा जायेगा। अपेक्षित आवर्ती/अनावर्ती व्यय लगभग 592 लाख रूपये के वित्तीय प्रावधान की स्वीकृति प्रदान की गयी।

हर घर तिरंगा अभियान और स्वतंत्रता दिवस को जन उत्सव के रूप में मनाया जाए – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव लाड़ली बहनों को 1900 करोड़ रूपए सिंगल क्लिक से करेंगे अंतरित

10 अगस्त को विजयपुर जिला श्योपुर में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम

 जन्माष्टमी पर्व सामाजिक समरसता का अभियान बनें : प्रदेश के भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े स्थानों पर हों विशेष आयोजन

वर्षाकाल में बरती जाएं विशेष सावधानियां  : जिलों में कंट्रोल रूम प्रभावी रूप से कार्य करें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए निर्देश

रतलाम जिले में भी घर-घर तिरंगा अभियान के तहत होंगे गरिमामय आयोजन

रतलाम अगस्त 2024/मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान और स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को जन उत्सव के रूप में मनाया जाए। यह सुनिश्चित करें कि किसी भी वार्ड या ग्राम में तिरंगे झंडों की कमी ना हो, शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्व-सहायता समूहों के माध्यम से व्यवस्था की जाए। प्रदेश में रक्षाबंधन और जन्माष्टमी का पर्व सामाजिक समरसता के भाव के साथ उत्साह और उल्लास से मनाया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में जारी वर्षा को देखते हुए सावधानियां बरतने और आवश्यक निगरानी व मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल स्थित समत्व भवन से प्रदेश स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को संबोधित कर रहे थे। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव तथा प्रमुख सचिव उपस्थित थे।

         इस अवसर पर रतलाम एनआईसी कक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लाला बाई, श्री शंभूलाल चंद्रवंशी, कलेक्टर श्री राजेश बाथम, पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री मनोज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री राहुल लोढ़ा, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रृंगार श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर श्री आर एस मंडलोई, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास श्री रजनीश सिन्हा आदि उपस्थित थे

प्रदेश में 25 हजार स्थानों पर रक्षाबंधन और सावन उत्सव की थीम पर होगा कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 10 अगस्त को लाड़ली बहनों के  खातों में 1900 करोड़ रुपए की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित करेंगे। विजयपुर जिला श्योपुर में होने वाले स्व-सहायता समूहों के सम्मेलन और रक्षाबंधन कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना अंतर्गत अगस्त माह की राशि रुपए 1250 के साथ ही विशेष सहायता के रूप में लाड़ली बहनों के खातों में 250 रुपए अंतरित किए जाएंगे। दस अगस्त को रक्षाबंधन और सावन उत्सव की थीम पर प्रदेश में 25 हजार स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त रक्षाबंधन की थीम पर 9 अगस्त को रानी दुर्गावती महिला सरपंच सम्मेलन, 11 अगस्त को महाविद्यालय तथा एनसीसी/एनएसएस बालिकाओं से संवाद, 12 अगस्त को देवी अहिल्याबाई शहरी क्षेत्र  महिला महापौर अध्यक्ष एवं पार्षद सम्मेलन तथा 13 अगस्त को प्रदेश की महिला उद्योगपति सम्मेलन होंगे। इन कार्यक्रमों में “एक पेड़ मां के नाम अभियान“ के तहत पौधारोपण भी किया जाएगा। प्रतिभागियों को शासकीय हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

विभिन्न आयोजन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत देशभक्ति की भावना पर केंद्रित तिरंगा यात्राएं, तिरंगा रैली, तिरंगा मैराथन, तिरंगा संगीत कार्यक्रम, तिरंगा कैनवास, तिरंगा सेल्फि और तिरंगा मेले जैसी गतिविधियां जनभागीदारी से संचालित की जाएंगी। हर घर पर तिरंगा लगाने, तिरंगे के साथ डीपी लगाने के साथ ही वेबसाइटों पर तिरंगा बैनर लगाने की गतिविधियों को जन अभियान बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि 10 अगस्त को होने वाले स्व- सहायता समूह सम्मेलन और लाड़ली बहनों के रक्षाबंधन कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधि शामिल हों। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को शासकीय हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। अतः राज्य स्तरीय कार्यक्रम के सभी वार्ड और पंचायत में प्रसारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के पश्चात 11 अगस्त से प्रदेश में घर-घर झंडा अभियान की गतिविधियां आरंभ की जाए।

पुलिस बैंड को कार्यक्रमों से जोड़ते हुए तिरंगा यात्राएं निकाली जाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना है कि 15 अगस्त और 26 जनवरी केवल एक दिन के कर्मकांड के रूप में ना मनाई जाए। यह दिवस लंबी गुलामी के बाद मिली स्वतंत्रता के प्रतीक हैं। अतः शासकीय संस्थाओं के साथ-साथ संपूर्ण समाज को साथ लेकर इन राष्ट्रीय पर्वों का आयोजन हो। इन पर्वों के समान ही हर घर झंडा अभियान की गतिविधियों का संचालन पूर्ण गरिमा के साथ किया जाए। जिला स्तर पर उपलब्ध पुलिस बैंड को कार्यक्रमों से जोड़ते हुए तिरंगा यात्राएं निकाली जाए। जिलों में स्थित शहीद स्मारकों, स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों पर विशेष रूप से तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाए।

रानी दुर्गावती और देवी अहिल्या बाई का भी स्मरण किया जाए

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रानी दुर्गावती का 500वां जयंती वर्ष और देवी अहिल्या का 300वां जयंती वर्ष चल रहा है। रानी दुर्गावती का संघर्ष स्वतंत्रता के लिए ही था और देवी अहिल्या जी का काल सांस्कृतिक उत्थान और आदर्श शासन व्यवस्था का काल रहा। सांस्कृतिक एकता और सांस्कृतिक राष्ट्रवादी अवधारणा के क्रियान्वयन में उन्होंने महत्वपूर्ण कार्य किया। देश उन्हें स्मरण करते हुए नमन कर रहा है। अतः रानी दुर्गावती और देवी अहिल्या बाई के स्मरण को भी हर घर तिरंगा अभियान में जोड़ा जाए।

भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े प्रसंगों और मंदिर शिल्प पर परिचर्चाएं हों

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के कई स्थान भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े हैं, अतः प्रदेश में जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया जाए। जिन मंदिरों में अधिक भीड़ होने वाली है, उनकी साफ सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। भगवान कृष्ण से जुड़े स्थानों जैसे जनापाव, अमझेरा, उज्जैन, नारायणा आदि में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े प्रसंगों पर विद्वानों की परिचर्चाएं भी आयोजित की जाएं। विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से नन्हे बच्चों को जन्माष्टमी पर्व से जोड़ा जाए। मटकी फोड़ आयोजनों में विशेष सावधानी बरती जाए। प्रयास यह हो कि जन्माष्टमी पर्व सामाजिक समरसता का बड़ा अभियान बने। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कई ऐतिहासिक तथ्यों को भी समाज के सामने लाने की आवश्यकता है। मंदिर हमारी जीवनशैली का अभिन्न अंग है और सांस्कृतिक गतिविधियों व संस्कारों का केंद्र भी है। अतः मंदिर निर्माण व शिल्प के विविध पहलुओं और आदर्श मंदिरों की व्यवस्था पर भी परिचर्चाएं आयोजित की जाएं। त्योहारों पर ऐसे आयोजनों से विश्वविद्यालयों को भी जोड़ा जाए।

वर्षाकाल में अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रखें

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि प्रदेश में अधिक वर्षा का समय चल रहा है। अतः सभी आवश्यक सावधानियां बरती जाएं। प्रत्येक जिलों में जिला कंट्रोल रूम प्रभावी रुप से कार्य करें। अधिकारी मैदानी अमले के साथ स्थिति पर लगातार नजर रखें। क्षतिग्रस्त मकान, स्कूल आदि की स्थिति की मॉनिटरिंग के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष दल बनाए जाएं। पुल-पुलियाओं पर पानी आने की स्थिति में चौकसी बरती जाए, पानी उतरने के बाद कीचड़ या फिसलन से कोई दुर्घटना ना हो, इसका भी ध्यान रखा जाए। सड़कों के दोनों ओर शोल्डरों की स्थिति पर विशेष नजर रखें।

रतलाम जिले में घर-घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजन

 रतलाम कलेक्टर श्री राजेश बाथम ने जिले में घर-घर तिरंगा अभियान को गरिमामय ढंग से आयोजित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए है। घर-घर तिरंगा अभियान के तहत जिले में बाइक रैली, तिरंगा यात्रा एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जायगा।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज
Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2021. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!