Connect with us

RATLAM

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा – जब भाजपा के मुख्यमंत्री पहनते थे नेकर, तब मैं बन चुका था सांसद, रतलाम ने देश से लेकर शहर तक को दिया लेकिन उसे कुछ नहीं मिला, नहीं हुआ विकास, खोया विश्वास 

Published

on

विश्वास से आता है निवेश और उद्योग रोजगार के अभाव में पलायन चल रहा
नगर निगम में बनेगा सलाहकार मंडल, शामिल होंगे हर प्रोफेशन के विशेषज्ञ
भाजपा महापौर प्रत्याशी द्वारा धमकाना, मतदाताओं का अपमान

रतलाम,। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि रतलाम शहर ने प्रधानमंत्री, सांसद, मुख्यमंत्री, विधायक और महापौर भाजपा को दिए हैं लेकिन इन्होंने उसकी कदर नहीं करते हुए रतलाम को कुछ भी नहीं दिया। 5 इंजन की सरकार होने के बावजूद रतलाम का विकास नहीं हो पाया, जो कि होना चाहिए था। इसका मुख्य कारण यह है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पास विजन नहीं है। वह केवल टेलीविजन के माध्यम से विकास करना चाहते हैं, जबकि यह संभव नहीं है। कांग्रेस के पास विजन है। जब प्रदेश के मुख्यमंत्री जब नेकर पहनते थे, उस समय मैं सांसद बन गया था। भाजपा के महापौर प्रत्याशी द्वारा मतदाताओं को धमकाना यह तो उनका सरासर अपमान है। मतदाता सब हिसाब कर देंगे।

विकास के लिए जरूरी है आर्थिक गतिविधि

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी मयंक जाट के समर्थन में आयोजित रोड शो और कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने के लिए आए थे। पत्रकार वार्ता में कमलनाथ ने कहा कि अर्थ शहर के विकास के लिए आर्थिक गतिविधि जरूरी है लेकिन प्रदेश में इसका अभाव है। रतलाम में ही उद्योग दिन-ब-दिन कम होते जा रहे हैं। प्रदेश में पूंजी लगाने से उद्योगपति कतरा रहे हैं। उद्योग नहीं होने के कारण बेरोजगारी बढ़ रही है। नतीजतन रतलाम के लोग पलायन कर रहे हैं।

लगातार कम हो रहा है विश्वास

उद्योग नहीं लगने और निवेश नहीं होने का एकमात्र कारण यही है कि प्रदेश की भाजपा सरकार का विश्वास कम हो रहा है। प्राकृतिक संसाधनों का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। केवल और केवल भ्रष्टाचार की व्यवस्था बना रखी है। माफिया व मिलावट ही इनकी पहचान बन गई है जबकि हमने इन्हें खत्म करने के लिए शुद्ध के लिए युद्ध शुरू किया था।

रतलाम को उपेक्षित बनाने के अलावा कुछ नहीं किया भाजपा ने

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बात सच है कि मैं सालों से रतलाम आ रहा हूं और जो स्थिति पहले थी, वही आज भी है। विकास के नाम पर कुछ नहीं हो रहा है जो कि रतलाम के लिए जरूरी है। रतलाम में महापौर बनने के बाद हम सलाहकार मंडल भी बनाएंगे जिसकी हर माह बैठक होगी। सलाहकार मंडल में डॉक्टर, वकील, व्यापारी, उद्योगपति, हर प्रोफेशन के लोग शामिल होंगे जो कि रतलाम के विकास का नक्शा बनाएंगे। उनकी सलाह पर काम होगा, क्योंकि 18 साल की सरकार में भाजपा में रतलाम के लिए कुछ नहीं किया। उपेक्षित ही बना रहा जबकि हम आएंगे तो कर्मचारियों को नियमित करेंगे। नगर निगम के सभी कर्मचारियों का निशुल्क बीमा करवाया जाएगा। शहर वासियों को तमाम सुविधाएं दी जाएगी।

पुलिस, प्रशासन और पैसे का बोलबाला

भारतीय जनता पार्टी में वर्तमान दौर में पुलिस, प्रशासन और पैसे का बोलबाला है जबकि हमारी संस्कृति धर्म, रिश्ते पर निर्भर है। सांस्कृतिक परंपरा के मामले में भारत जैसा कोई देश नहीं है। प्रदेश नहीं है, लेकिन भाजपा इस की कद्र नहीं कर रही है। पीएम आवास में कांग्रेस का झंडा लगने पर महापौर प्रत्याशी का नाराज होना उचित नहीं है।

झूठ बोलने में हासिल कर लिया विश्वकप

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान झूठ बोलने के अलावा और कोई कार्य नहीं करते। जब देखो तब नौटंकी ही होती है। कभी कभी तो ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री ने झूठ बोलने में विश्वकप हासिल कर लिया है।

16 नगर निगम में 17 पर भाजपा की विजय की बात करते मुख्यमंत्री चौहान

प्रश्न के जवाब में कमलनाथ ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान होते तो वह कहते कि प्रदेश की 16 नगर निगम में से 17 पर भाजपा की विजय होगी। मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ महापौर प्रत्याशी मयंक जाट, शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, विधायक हर्ष विजय गहलोत, कांतिलाल भूरियास हित अन्य मौजूद थे।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा मंच है। यहां विभिन्न समाचार पत्रों/टीवी चैनलों में कार्यरत पत्रकार अपनी महत्वपूर्ण खबरें प्रकाशन हेतु प्रेषित करते हैं ।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2021. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!