Connect with us

झाबुआ

देशभक्ति के इस कार्यक्रम में सभी व्यक्ति मन से जुड़ें- मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान

Published

on

‘मेरी माटी-मेरा देश’ अभियान के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग ली गई'मेरी माटी-मेरा देश' अभियान के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग ली गई। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 'मेरी माटी-मेरा देश' महत्वपूर्ण अभियान है। इस अद्भुत गतिविधि से पूरे प्रदेश में देशभक्ति की भावना का संचार होगा। अभियान से सभी प्रदेशवासियों को जोड़ा जाए। सभी जन-प्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, नगरीय निकायों के सदस्य, सामाजिक, स्वयंसेवी, व्यापारी और धार्मिक संगठन, विद्यार्थी, खिलाड़ी, कर्मचारी, भजन मंडलियां, स्थानीय कलाकारों को अभियान से जोड़ा जाए। अभियान की थीम पर सांस्कृतिक गतिविधियों की प्रतियोगिताएँ भी हों। मेरी माटी-मेरा देश केवल शासकीय कार्यक्रम न बनकर रह जाए, देशभक्ति के इस कार्यक्रम में सभी व्यक्ति मन से जुड़ें। हर घर पर तिरंगा फहराया जाए और अमृत उद्यानों में पौध-रोपण भी हो। मैं स्वयं भी 14 अगस्त को लाड़ली बहनों के साथ 75 पौधे लगाऊंगा। नई पीढ़ी को देशभक्ति के संस्कार देना आवश्यक है, अत: मेरी माटी मेरा देश अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान अभियान पर केन्द्रित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को संबोधित कर रहे थे। समत्व भवन में हुई बैठक में मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन श्री विनोद कुमार, प्रमुख सचिव संस्कृति श्री शिवशेखर शुक्ला तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

स्मारक स्थल पर ली जाएगी पंच प्रण की शपथ
बैठक में जानकारी दी गई कि आजादी के अमृत महोत्सव के समापन समारोह के रूप में इस अभियान में 9 से 15 अगस्त तक गतिविधियां संचालित होंगी। शिलाफलकम (स्मारक) की स्थापना, पंच प्रण की शपथ, वसुधा वंदन, वीरों का वंदन, राष्ट्रध्वज फहराना तथा राष्ट्रगान का गायन अभियान के प्रमुख घटक हैं। प्रत्येक पंचायत तथा नगरीय निकाय में विद्यमान स्थानीय विद्यालय परिसर में शिलाफलकम (स्मारक) की स्थापना की जाएगी। स्मारक स्थल पर हाथ में दीपक लेकर पंच प्रण की शपथ के बाद व्यक्तियों द्वारा पोर्टल https://yuva.gov.in/meri_maati_mera_desh पर सेल्फी अपलोड की जाएगी। पंच प्रण के अंतर्गत भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, देश की समृद्ध विरासत पर गर्व, एकता को सुदृढ़ करने, देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करने और नागरिक होने का कर्तव्य निभाने की शपथ ली जाएगी।

सभी पंचायतों और नगरीय निकायों में लगाए जाएंगे 75 पौधे
वसुधा वंदन के अंतर्गत अमृत सरोवरों अथवा विद्यालयों तथा उपयुक्त सार्वजनिक स्थानों के आसपास 75 पौधे लगाए जाएंगे। वीरों का वंदन के अंतर्गत कर्तव्य पर रहते हुए अपने जीवन का बलिदान देने वाले स्थानीय वीरों, वीरांगनाओं का स्मरण कर स्वतंत्रता सेनानियों, सेवानिवृत्त रक्षा, अर्धसैनिक बल और राज्य पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्र-गान के बाद समारोह का समापन होगा। बताया गया कि सभी नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में अभियान के आयोजन के लिए तैयारियाँ जारी हैं।
इस दौरान कलेक्टर सुश्री तन्वी हुड्डा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती रेखा राठौर, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आशा परमार, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिनेश वर्मा एवं सम्बन्धित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2021. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!