झाबुआ, 09 मई 2025। अपर मुख्य सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अध्यक्षता में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियन 2013 के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के ई-केवायसी करने एवं समर्थन मूल्य पर उपार्जित गेहूँ के शीघ्र भुगतान हेतु वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का आयोजन किया गया। वीसी में ई-केवायसी की प्रगति एवं शेष लक्ष्य की संभागवार समीक्षा की गयी। वीसी में बताया गया कि ई-केवायसी की समयावधि 31 मई 2025 तक बढ़ा दी गयी है। सभी जिलों में ई-केवायसी पूर्ण कराये जाने हेतु शिविरों का आयोजन किये जाने, प्रतिदिन मॉनीटरिंग किये जाने, समूहों द्वारा संचालित दुकानों में एनआरएलएम (NRLM) के माध्यम से ई-केवायसी पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन की समीक्षा की गयी एवं उपार्जित गेहूँ के शीघ्र भुगतान करने एवं भुगतान सम्बन्धी सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निवारण के निर्देश दिये। साथ ही असामयिक वर्षा के कारण सुरक्षित भण्डारण के उचित प्रबन्ध किये जाने के निर्देश दिये। वीसी के उपरान्त कलेक्टर नेहा मीना ने सभी दुकानों द्वारा ई-केवायसी किये जाने की मॉनीटरिंग करने, मृत होने पर हितग्राहियों के डेटा को हटाये जाने, विवाह होने पर स्थानान्तरण सम्बन्धी डेटा के सम्बन्ध में आवश्यक निर्देश दिये। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, डिप्टी कलेक्टर अवनधती प्रधान, उप संचालक कृषि श्री एन एस रावत, जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अधिकारी श्री संजय पाटील एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।