झाबुआ —- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अंकुरम इंटरनेशनल स्कूल, झाबुआ में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह दिन पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित करता है और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारियों की स्मृति दिलाता है।
इस अवसर पर मालवा प्रांत के प्रांतीय संयोजक श्रीमान राजकुमार देवल और जिला पर्यावरण संयोजक श्री अंतिम मालवीय की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके निर्देशन में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया। कार्यक्रम के अंतर्गत नीम, आंवला तथा अशोक जैसे औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।
श्री राजकुमार देवल विगत 16 वर्षों से पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्ष संवर्धन के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकाधिक वृक्षारोपण, प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग, जलवायु संरक्षण तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों को पर्यावरणीय चुनौतियों जैसे प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें प्रेरित किया गया कि वे अपने आसपास की हवा, पानी और मिट्टी को स्वच्छ रखें, कचरा निर्धारित स्थान पर डालें और सतत विकास में योगदान दें।
अंकुरम इंटरनेशनल स्कूल पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्वों को निभाने के लिए सतत प्रयासरत है और विद्यार्थियों में जागरूकता एवं जिम्मेदारी का भाव विकसित करने हेतु नियमित गतिविधियाँ संचालित करता है।