राणापुर । मुस्लिम समाज ने शनिवार को पूरे हर्षोल्लास के साथ ईद-उल-अजहा (बकरा ईद) का त्योहार मनाया। इस मौके पर समाजजन जामा मस्जिद के इमाम साहब एवं मुस्लिम पंच सदर के नेतृत्व में झाबुआ नाका स्थित ईदगाह पहुँचे।
ईदगाह में सर्वप्रथम इमाम साहब ने तक़रीर करते हुए कुर्बानी के महत्व और हज़रत इब्राहीम अलैहिस्सलाम की सुन्नत से जुड़ी जानकारी साझा की। इसके बाद इमाम साहब ने दो रकात ईद-उल-अजहा की नमाज़ अदा करवाई। नमाज़ के बाद ख़ुत्बा पढ़ा गया और सलातो-सलाम पेश किया गया। अंत में देश में अमन और शांति के लिए विशेष दुआ मांगी गई।
नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और अपने-अपने घर लौटकर पैगम्बर इब्राहिम अलैहिस्सलाम की सुन्नत अदा करते हुए अल्लाह की राह में कुर्बानी अदा की। दिन भर समाज में दावतों का दौर चलता रहा।