धार। शहर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व इस वर्ष सादगी और श्रद्धा के साथ मनाया गया। पर्व की शुरुआत शहर काजी वकार सादिक के उद्घोषण से हुई, जिसमें उन्होंने कुर्बानी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इंसान को अपनी सबसे प्यारी चीज अल्लाह की राह में कुर्बान करने का जज़्बा रखना चाहिए।
सुबह 9:30 बजे धार की ऐतिहासिक शाही लाट मस्जिद में शहर काजी ने बड़ी संख्या में एकत्रित समाजजनों को ईद की नमाज अदा करवाई। नमाज के बाद खुतबा पढ़ा गया, जिसमें देश में अमन, शांति और अच्छी बारिश के लिए विशेष दुआएं की गईं।
शहर काजी ने अपने संबोधन में कहा कि “अच्छा इंसान वही है जो गरीबों का ख्याल रखता है और उनके सुख-दुख में सहभागी बनता है।”
ईद की नमाज के पश्चात पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने शहर काजी व समाजजनों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। काजी साहब को पुष्पमालाएं व बुके भेंट कर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर शहर काजी वकार सादिक ने पुलिस प्रशासन व नगर पालिका का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने पूरे जिले में बेहतरीन व्यवस्था की, जिससे ईद का पर्व शांतिपूर्वक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया।