अलीराजपुर

विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया

Published

on

अलीराजपुर 17 जून 2025।  सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया  जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष महोदय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अनीष कुमार मिश्रा महोदय के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत गिराला एवं नानपुर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान श्री जय पाटीदार द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता योजना की जानकारी देते हुए बताया कि ऐसा कोई व्यक्ति जो अनुसूचित जाति -जनजाति का सदस्य हो, बालक या महिला हो, औद्योगिक कर्मकार हो या जिसकी समस्त स्रोतों से वार्षिक आय रुपये दो लाख से कम हो ऐसा व्यक्ति निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने का अधिकारी होता है, योजना अंतर्गत न्याय शुल्क एवं अधिवक्ता शुल्क व प्रतिलिपि शुल्क की व्यवस्था प्राधिकरण के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा वहन की जाती है तथा लाभांवित व्यक्ति को कोर्ट में अपना पक्ष रखने के लिए किसी प्रकार का कोई खर्चा नहीं लगता। इसके साथ ही श्री पाटीदार द्वारा नालसा (आदिवासियों के अधिकारों संरक्षण और प्रवर्तन के लिए विधिक सेवाएं) योजना 2015 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलीप सिंह मुजाल्दा द्वारा नालसा (गरीबी उन्मूलन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन के लिये विधिक सेवाएं) योजना 2015 की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का मूल उद्देश्य सामाजिक या आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के व्यक्तियों को गरीबी उन्मूलन योजनाओं तक पहुंच प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय, राज्य, जिला और तहसील स्तर पर कानूनी सहायता प्रदान करना है।   साथ ही उपस्थित ग्रामीणों को लोकोपयोगी सेवाओं की स्थायी लोक अदालत, मध्यस्थता योजना, अपराध पीड़ित प्रतिकर योजना आदि के बारे में भी बताया गया।
शिविर में श्री जय पाटीदार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री दिलीप सिंह मुजाल्दा जिला विधिक सहायता अधिकारी द्वारा सहभागिता की गई।

Trending