झाबुआ

नीति आयोग ने आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत जारी की डेल्टा रैंकिंग

Published

on




*राणापुर ब्लॉक ने सेंट्रल जोन में पाया दूसरा स्थान*

         झाबुआ, 27 जून 2025। नीति आयोग के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत तिमाही की डेल्टा रैंकिंग में सम्पूर्ण सेन्ट्रल जोन में राणापुर ब्लॉक को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ ।
        आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नीति आयोग के सीईओ ने आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों में वृद्धिशील परिवर्तन को दर्शाने वाली तिमाही डेल्टा रैंकिंग जारी की गयी।
          जिले के राणापुर ब्लॉक को सभी प्रदर्शन संकेतकों में वृद्धि करने पर ऑवरऑल परफोर्मेंस के तहत सेण्ट्रल जोन में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। कलेक्टर नेहा मीना ने राणापुर ब्लॉक को सम्पूर्ण सेण्ट्रल जोन में दूसरा स्थान प्राप्त होने पर सम्पूर्ण टीम को बधाई दी और सभी संकेतकों में इसी प्रकार कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि जिले में 4 ब्लॉक आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत आते है जिसमें राणापुर ब्लॉक को पुनः से डेल्टा रैंकिंग में स्थान मिला हैं।
           जिले में स्वास्थ्य और पोषण के तहत किए गए विभिन्न कार्यों जैसे मोटी आई कैंपेन, कुपोषण मुक्त झाबुआ अभियान , नियमित टीकाकरण की मॉनिटरिंग से संकेतकों में वृद्धिशाली परिवर्तन हुआ हैं। डेल्टा रैंकिंग में स्थान प्राप्त होने पर नीति आयोग द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, वित्तीय समावेशन आदि के क्षेत्र में कार्य करने हेतु अवॉर्ड मनी भी दी जाएगी।
          जैसा कि विदित है कि डेल्टा रैंकिंग नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जिलों और आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रमों के तहत जारी की जाती है, और इसका उद्देश्य विकास संकेतकों में प्रगति को मापना है। डेल्टा रैंकिंग का मुख्य फोकस, जिलों या ब्लॉकों द्वारा किसी विशेष अवधि में विभिन्न विकास संकेतकों जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, वित्तीय समावेशन आदि में किए गए सुधारों पर होता है।
         कार्यक्रम में वीसी के माध्यम से कलेक्टर नेहा मीना, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री बी एस बघेल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर एस बामनिया एवं अन्य अधिकारी जुड़े।

Trending