झाबुआ 11 जुलाई 2025। कलेक्टर नेहा मीना द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्टर सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में पी.एच.ई. के सहायक यंत्री श्री दयालु राठोड द्वारा बताया गया कि जिले में जल जीवन मिशन अंतर्गत स्वीकृत कुल 716 योजनाओं में से 443 योजनाएँ पूर्ण की गयी है एवं 270 योजनाओं के कार्य प्रगतिरत है | 03 योजनाओं में स्त्रोत प्राप्त नहीं होने के कारण उन योजनाओं को जल निगम की समूह योजना में सम्मिलित किया गया | पूर्ण योजनाओं में से 410 योजनाओं को ऑनलाइन पोर्टल पर हर घर जल घोषित दर्ज किया जा चूका है। 66 नलजल योजनाओं का ट्रायल रन 02 माह से अधिक समय से प्रगतिरत है। पूर्ण योजनाओं का सत्यापन ग्रामीण विकास के ज़मीनी अमले के माध्यम से करवाये जाने हेतु निर्देशित किया गया। कलेक्टर द्वारा 70% से कम प्रगति वाली योजनाओं की प्रगति आगामी 20 दिवस में 80% से अधिक करने हेतु समस्त ए.ई., पी.एच.ई. को निर्देशित किया गया । भौतिक रूप से पूर्ण की जा चुकी योजनाओं को ऑनलाइन पोर्टल पर अतिशीघ्र अद्यतन करवाया जाये | प्रगतिरत योजनाओं को दिसम्बर 2025 तक पूर्ण कराये जाने के प्रयास किये जाये | जो हस्तांतरित योजनाएँ संचालन-संधारण के अभाव में बंद है उन ग्राम पंचायतों को योजनाएँ चालू करने हेतु समस्त सीईओ जनपद पंचायत निर्देशित किया गया | योजनाओं को चालू करने हेतु आवश्यक तकनिकी मार्गदर्शन हेतु पी.एच.ई. को निर्देशित किया गया। सभी को निर्देशित किया गया कि कार्य की गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए, कार्य गुणवत्तापूर्ण न होने पर व समय सीमा में ना किए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही होगी। अतः सभी फील्ड पर सतत निरीक्षण व निगरानी रखें। विकासखण्ड राणापुर के ग्राम दोतड की नलजल योजना हेतु स्त्रोत एवं टंकी निर्माण हेतु स्थल चयन नहीं होने की स्थिति में सीईओ जनपद पंचायत राणापुर को निर्देशित किया गया कि सरपंच से चर्चा कर आवश्यक कार्यवाही करें | पुनः से समीक्षा बैठक पंद्रह दिन उपरांत आयोजित की जाने हेतु निर्देशित किया गया। समस्त योजनाओं को पूर्ण करने की समय सारणी प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया। पंचायतें भी गुणवत्ता का ध्यान रखें, चूँकि आगे पंचायतों को ही योजनाओं का संचालन करना है। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, पीएचई सहायक यंत्री श्री दयालु राठौर, समस्त सीईओ जनपद, सब इंजीनियर एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।