झाबुआ – । 'मातृधरा अभियान' के अंतर्गत 'नारी शक्ति से प्रकृति को शक्ति' विषय पर आयोजित लोगो डिज़ाइन प्रतियोगिता में सुश्री शिवानी बुधवंत ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिला स्तर पर सम्मान अर्जित किया है। उनके रचनात्मक एवं सारगर्भित डिज़ाइन को निर्णायक मंडल द्वारा सर्वश्रेष्ठ चुना गया। प्रतियोगिता में विजेता के रूप में चयनित होने पर कलेक्टर नेहा मीना द्वारा शिवानी बुधवंत को ₹5000 की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। बालिका ने कलेक्टर को अपने द्वारा डिजाइन किया लोगो भेंट किया ।इस अवसर पर कलेक्टर ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि "ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं में रचनात्मकता को प्रोत्साहित करती हैं तथा सामाजिक व पर्यावरणीय सरोकारों से जोड़ती हैं।" यह प्रतियोगिता मातृधरा अभियान के तहत नारी शक्ति को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने की दिशा में एक रचनात्मक पहल थी, जिसमें जिले भर से प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।