झाबुआ, 26 अगस्त 2025। आगामी त्यौहारों गणेश चतुर्थी, ईद-ए-मिलाद, नवरात्रि आदि को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के उद्देश्य से जिला झाबुआ पुलिस द्वारा जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में शांति समिति बैठकों का आयोजन किया गया।
बैठकों में संबंधित थाना प्रभारियों ने जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, समाजसेवियों, पत्रकार बंधुओं एवं गणमान्य नागरिकों से संवाद स्थापित कर सहयोग की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सभी त्यौहार शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाए जाएँ, यही हम सबकी जिम्मेदारी है।
बैठकों में यातायात व्यवस्था, जुलूस मार्ग निर्धारण, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही, सोशल मीडिया पर अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से बचने और सतर्क रहने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा – “त्योहार आनंद और भाईचारे के प्रतीक हैं। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जिलेवासियों से अपील है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा सहयोग बनाए रखें।”
जिला प्रशासन व पुलिस ने आश्वस्त किया कि सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक सुरक्षा एवं व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।