झाबुआ – पारा गांव के पास आज सुबह खेतों पर गए ग्रामीणों को तेंदुआ मृत अवस्था में मिला। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना सरपंच और वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पहुंची और तेंदुए के शव को कब्जे में लिया। अब पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों की टीम बुलाई गई है, साथ ही फॉरेंसिक टीम भी मौके की ओर रवाना हो गई है। टीम तेंदुए की मौत के सही कारण पता करने के लिए घटनास्थल का निरीक्षण करेगी, शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा और आवश्यक नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि तेंदुए की मौत शिकार, हादसे, आपसी संघर्ष या किसी अन्य कारण से हुई है। पूरी सच्चाई पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगी।