झाबुआ, 15 सितम्बर 2025। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 17 सितम्बर को मध्यप्रदेश के धार जिले से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ करेंगे। उसी दिन इसकी शुरूआत झाबुआ में भी होगी। यह अभियान 02 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान का उद्दे श्य महिलाओं में स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी चुनौतियों की पहचान कर उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार एवं किशोरियों में पोषण व एनीमिया की प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही गैर संचारी रोग जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर (मुख, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर), एनीमिया एवं सिकल सेल रोग तथा संचारी रोग जैसे क्षय रोग, नेत्र रोग, कुष्ठ रोग की स्क्रीनिंग के अलावा स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के साथ-साथ समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चत कर जनआंदोलन के रूप में स्वास्थ्य सेवाओं को सार्थक बनाना भी इस अभियान का उद्देश्य है। कलेक्टर नेहा मीना ने अभियान की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर सभाकक्ष में बैठक ली। कलेक्टर ने 17 सितम्बर को अभियान के शुभारंभ हेतु जिला स्तरीय कार्यक्रम एवं प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लाइव प्रसारण को गरिमामय रूप से कराए जाने के निर्देश दिये। अभियान अंतर्गत जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर ब्लड डोनेशन केम्प आयोजित कर सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर सह उप स्वास्थ्य केन्द्रों पर स्वास्थ्य गतिविधियां आयोजित करने हेतु समुचित तैयारी करने के निर्देश दिये। अभियान के अंतर्गत सिविल अस्पताल तथा समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर विशेषज्ञों एवं जागरूकता शिविर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शहरी/ग्रामीण, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक, उपस्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित किए जाने हेतु कैलेंडर बनाये जाने के निर्देश दिये। कलेक्टर नेहा मीना ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच जिसमें हीमोग्लोबिन, रक्तचाप, ओजीटीटी, एब्ल्ब्यूमिन, एचआईव्ही सिफलिस, हेपेटाईटिस बी, सिकल सेल की जांच कर पोर्टल पर सुव्यवस्थित एंट्री की जाए। अभियान अंतर्गत किशोरियों में एनीमिया स्क्रीनिंग, आवश्यकतानुसार उपचार एवं आहार संबंधी परामर्श एवं आवश्यकता होने पर उमंग क्लीनिक पर रेफरल, गर्भवती माताओं, शिशुओं एवं बच्चों के टीकाकरण स्तर की जांच एवं छूटे हुए अधूरे टीकाकरण को पूर्ण किया जाए। कलेक्टर ने अभियान के तहत सभी बीएमओ को अन्य विभागों से समन्वय स्थापित करने हेतु ब्लॉक स्तर पर बैठक किये जाने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने सभी बीएमओ से अभियान के तहत की गयी तैयारियों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। दस्तक अभियान के तहत चिन्हांकित हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं एवं टीकाकरण के आँकड़ो के माध्यम से कार्ययोजना बनाये जाने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने सिकल सेल एनीमिया के तहत हुई स्क्रीनिंग में 1456 पेशेंट में से 868 ही दिव्यांगता सर्टिफिकेट बनाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए समन्वय से सभी के सर्टिफिकेट बनाए जाकर पेंशन स्वीकृत करने हेतु निर्देशित किया। 23 सितम्बर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस एवं 26 सितम्बर को मॉप अप दिवस के आयोजन के सम्बन्ध में कलेक्टर ने 1 से 19 वर्ष के समस्त बच्चों एवं 20 से 49 वर्ष की महिलाओं को दवा का सेवन कराये जाने हेतु कार्ययोजना बनाये जाने के निर्देश दिये। 16 दिवसीय इस अभियान में एनीमिया परीक्षण एवं परामर्श, सिकल सेल की स्क्रीनिंग तथा जेनेटिक काउंसलिंग कार्ड का वितरण उपचार एवं रोकथाम परामर्श, मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग, मोतियाबिंद, कांचबिंद, दंतरोग, बधिरता-श्रवण संबंधी विकार, किशोरियों में पोषण मासिक धर्म, निक्षय मित्र पखवाड़ा अंतर्गत निक्षय मित्रों का नामांकन, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, अशासकीय संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, उद्योगों, कार्पोरेट समूहों इत्यादि को क्षय रोगियों को गोद लेकर पोषण किट का वितरण किया जाना है। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद सुश्री तनुश्री मीणा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री भास्कर गाचले, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व थान्दला श्री महेश मण्डलोई, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मेघनगर श्रीमती रीतिका पाटीदार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी. एस. बघेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री आर एस बघेल एवं अन्य जिला अधिकारी एवं समस्त बीएमओ उपस्थित रहे।