झाबुआ, 20 सितम्बर 2025 । स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत स्वच्छता उत्सव 2025 का आयोजन जिला चिकित्सालय झाबुआ में किया गया। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी. एस. बघेल के नेतृत्व में अस्पताल के समस्त अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, और अन्य कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल हुए। सफाई अभियान के दौरान परिसर में गिरे पत्तों, प्लास्टिक कचरे एवं गंदगी को एकत्र कर उचित तरीके से निस्तारित किया गया। इस स्वच्छता अभियान का उद्देश्य न केवल अस्पताल परिसर को स्वच्छ बनाना था, बल्कि जनमानस को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना भी था। डॉ. बी. एस. बघेल ने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव स्वच्छता से ही रखी जाती है। हम सभी का कर्तव्य है कि हम अपने कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखें। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय झाबुआ द्वारा आगे भी इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।