झाबुआ, 20 सितम्बर 2025: सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत पीएम कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय झाबुआ में शनिवार को समाज में फैली कुरीतियों के प्रति जागरूकता लाने हेतु व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. संजू गांधी ने कहा कि सामाजिक कुरीतियां समाज में व्याप्त अंधविश्वास और संकीर्ण मानसिकता का परिणाम हैं, जो मानव कल्याण के लिए हानिकारक हैं। उन्होंने सभी से इन कुरीतियों को दूर करने का जिम्मा साझा करने का आग्रह किया।
महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. रविन्द्र सिंह ने भी अपने विचार रखते हुए बताया कि शिक्षा, जागरूकता, कानूनी प्रावधान और सामाजिक सुधारों के माध्यम से इन कुरीतियों को समाप्त किया जा सकता है, जिससे एक स्वस्थ और समृद्ध समाज का निर्माण होगा।
समाजशास्त्र के प्रो. जेएस भूरिया ने बाल विवाह, दहेज प्रथा, भ्रूण हत्या, जातिवाद, छुआछूत, नशापान, महिला उत्पीड़न जैसी सामाजिक बुराइयों पर विस्तार से प्रकाश डाला और कहा कि सरकार प्रयासरत है, लेकिन समाज के प्रत्येक सदस्य का सक्रिय योगदान आवश्यक है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजू बघेल ने किया और आभार एनएसएस अधिकारी प्रो. मुकाम सिंह चौहान ने माना। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अनेकों छात्र-छात्राओं के साथ प्रो. पीएस डावर, प्रो. बीएस डामोर, डॉ. लोहार सिंह ब्राह्मणे, प्रो. शंकरलाल खरवाडिया, डॉ. सरदार सिंह डोडवे, डॉ. मुकेश डामोर, मनोज आवास्या एवं अंतिम कलवार सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित थे।