आलीराजपुर : रिश्वतखोरी पर लोकायुक्त का बड़ा शिकंजा
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
आलीराजपुर। भ्रष्टाचार पर नकेल कसते हुए इंदौर लोकायुक्त की टीम ने मंगलवार को अलीराजपुर में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रामा अवास्या को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़कर गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के सख्त निर्देश पर की गई।
कैसे हुआ खुलासा?
ग्राम बरझर (भाभरा) निवासी कमलेश संगाडिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी श्रीमती कमिला संगाडिया ग्राम शामलाकुण्ड में शासकीय उचित मूल्य की दुकान (कोड 4906022) संचालित करती हैं। 20 अगस्त 2025 को अधिकारी रामा अवास्या दुकान का पंचनामा बनाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज कराने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।
लोकायुक्त की कार्रवाई
शिकायत की जांच एसपी (विपुस्था) लोकायुक्त इंदौर राजेश सहाय के मार्गदर्शन में की गई। आरोप सही पाए जाने पर 24 सितम्बर को ट्रैप दल गठित किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और मंगलवार को रामा अवास्या को 50 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
मामला दर्ज
आरोपी पर भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।