आलीराजपुर 04 अक्टूबर 2025 । कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में कमिश्नर-कलेक्टर कॉन्फ्रेंस के संबंध में समीक्षा बैठक का आयोजन जिला पंचायत के सभा कक्ष में आयोजित हुई । इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रखर सिंह , संयुक्त कलेक्टर श्री मनोज गरवाल सहित समस्त जनपद सीईओ सहित समस्त विभाग प्रमुख उपस्थित थे ।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती माथुर ने उपस्थित समस्त अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया । इस दौरान उन्होंने समस्त विभागवार योजनाओं की जानकारी ली । उन्होंने समस्त विभाग प्रमुखों को निर्देशित करते हुए कहा कि आगामी दिनों में विभाग द्वारा किसी भी एक योजना या उससे अधिक के लिए नवाचार की कार्ययोजना तैयार करें साथ ही उसे जमीनी स्तर पर कैसे क्रियान्वयन किया जा सकता है उसकी भी जानकारी देवे । उन्होंने समस्त अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में शिक्षा के स्तर को बढाने के लिए , स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर सुविधा देने के लिए एवं महिला और जिले में हो रहे पलायन को रोकने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए ।
इस दौरान उन्होंने विभाग द्वारा संचालित समस्त योजना की जानकारी ली साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं शासकीय विद्यालयों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए किसी भी कारण से छात्र एवं छात्राएं शुद्ध पेयजल से वंचित न हो , साथ ही उन्होंने समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं विद्यालय छात्रावास में पौष्टिक आहार मेन्यू अनुसार देना सुनिश्चित देने के निर्देश दिए। जिले में आयोजित भावांतर योजना के तहत अधिक से अधिक कृषकों का पंजीयन कर इस योजना से लाभ देवे । जिले के समस्त स्वास्थ्य केन्द्र पर डॉक्टर एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे साथ ही परिसर के आस पास साफ सफाई पर विशेष ध्यान देवे , कुपोषण एवं सिकल सेल के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश साथ ही जागरूकता के लिए स्कूल कॉलेज में अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए । संबंधित विभाग आदि कर्म योगी अभियान के तहत समस्त ग्राम पंचायत के विजन प्लान तैयार करें । समस्त अधिकारी अपने कार्यालय वर्क के साथ अधिक से अधिक समय फील्ड वर्क कर शासन की योजनाओं को धरातल पर लाए । उन्होंने समस्त अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि आगामी दिनों में भ्रमण कर जमीनी स्तर पर समस्त विभागों की योजनाओं का अवलोकन किया जाएगा ।