पुलिस महानिरीक्षक, इंदौर (ग्रामीण) जोन, इंदौर श्री अनुराग अपने दो दिवसीय झाबुआ भ्रमण के द्वितीय दिवस पर शनिवार को जिले के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन स्थित दिशा लर्निंग सेंटर (लाइब्रेरी), जिम, केंद्रीय पुलिस कैंटीन एवं पुलिस पेट्रोल पंप का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान आईजी श्री अनुराग ने वहां की व्यवस्थाओं, स्वच्छता एवं कर्मचारियों के उपयोग हेतु उपलब्ध संसाधनों की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके पश्चात कंट्रोल रूम झाबुआ में सभी अनुविभागीय अधिकारियों (SDOPs) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक श्री अनुराग ने हवालात चेकिंग, खात्मा एवं खारजी प्रकरणों की स्थिति, गंभीर अपराधों की प्रगति, अनसुलझे प्रकरणों, मर्ग प्रकरणों और लंबित शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने सभी अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निपटान के निर्देश दिए तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर जोर दिया।