झाबुआ

थांदला पुलिस की बड़ी सफलता — दो चोरी के प्रकरणों का खुलासा, तीन चोर गिरफ्तार, ₹2.55 लाख का माल बरामद.

Published

on

प्रादेशिक जन समाचार थांदला (वत्सल आचार्य की रिपोर्ट)- — 26 अक्टूबर 2025 झाबुआ जिला पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और सटीक कार्यशैली का परिचय देते हुए थांदला क्षेत्र में घटित दो चोरी की वारदातों का पर्दाफाश कर दिया है। थाना थांदला एवं चौकी खवासा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर ₹2.55 लाख से अधिक का चोरी गया मशरूका बरामद किया गया है।

पहली वारदात – ग्राम गुलरीपाड़ा में नकदी और आभूषणों की चोरी
दिनांक 21 सितम्बर 2025 की रात ग्राम गुलरीपाड़ा में अज्ञात चोरों ने फरियादी के घर का नकुचा तोड़कर संदूक का ताला तोड़ा और उसमें रखे ₹20,000 नगद एवं सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। मामले में थाना थांदला पर अपराध क्रमांक 420/2025 दर्ज किया गया था।

दूसरी वारदात – ग्राम धुमडिया में ₹45,000 नकद और आभूषण चोरी
दिनांक 25 सितम्बर 2025 की रात ग्राम धुमडिया में चोरों ने फरियादी के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और ₹45,000 नगद व सोने-चांदी के जेवरात उड़ा लिए। इस संबंध में अपराध क्रमांक 425/2025 धारा 331(4), 305 बीएनएस पंजीबद्ध किया गया था।

तीन आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
लगातार निगरानी, मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आज 26 अक्टूबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया —
कालू पिता हवसिंह भूरिया (35 वर्ष), निवासी ग्राम तुमडिया, थाना मेघनगर
रालू पिता हवसिंह भूरिया (30 वर्ष), निवासी ग्राम तुमडिया, थाना मेघनगर
मोमसिंह पिता धीरा खडिया (48 वर्ष), निवासी ग्राम दोतड, थाना मेघनगर

बरामद सामान

चांदी के आभूषण – 1 किलो 300 ग्राम (कीमत लगभग ₹2,00,000)

नकदी – ₹55,000
कुल बरामदगी – ₹2,55,000/-

इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी थांदला निरीक्षक अशोक कनेश, थाना प्रभारी मेघनगर निरीक्षक के.एल. बरकडे, उप निरीक्षक हरेसिंह, गोविन्द भामदरे, डोलिगिरी, एएसआई शैलेन्द्र शुक्ला, अशरफ खान तथा पुलिस स्टाफ – प्रधान आरक्षक राजेन्द्र रावत, खेमसिंह चौहान, रायसिंह, नंदकिशोर, थानसिंह एवं अन्य जवानों का विशेष योगदान रहा।

एसपी ने दी बधाई एवं इनाम की घोषणा
पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री शिव दयाल सिंह ने थांदला पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी दक्षता एवं उत्कृष्ट कार्य हेतु पूरी टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

“थांदला पुलिस की सक्रियता और टीम भावना से दोनों चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है।” — पुलिस अधीक्षक झाबुआ

थांदला पुलिस का यह सफल अभियान पूरे जिले में अपराधियों के लिए बड़ा संदेश है कि अपराध कर बचना अब नामुमकिन है।

Trending