झाबुआ। सरदार वल्लभभाई पटेल के 150वें जन्मोत्सव एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुरुवार सुबह झाबुआ में “एकता दौड़ (Run for Unity)” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे माननीय कैबिनेट मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग म.प्र. शासन सुश्री निर्मला भूरिया एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल के आतिथ्य में राजवाड़ा चौक से किया गया।
इस अवसर पर मंत्री सुश्री भूरिया ने उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल, खिलाड़ियों एवं नागरिकों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई तथा हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की। यह दौड़ राजवाड़ा चौक से प्रारंभ होकर आज़ाद चौक, बस स्टैंड, जेल तिराहा, दिलीप गेट होते हुए पुलिस लाइन झाबुआ पर संपन्न हुई।
दौड़ में जिले के युवा खिलाड़ी, स्कूल–कॉलेज के विद्यार्थी, एनसीसी, एनएसएस, पुलिसकर्मी, भाजपा पदाधिकारी तथा गुड मॉर्निंग क्लब की महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए पुलिस विभाग द्वारा पेयजल, नींबू पानी एवं केले की व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम का संचालन जिला खेल अधिकारी विजय कुमार सलाम ने किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। समापन पर श्री सलाम ने सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।