झाबुआ – । सांदीपनि विद्यालय में आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री, जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन एवं भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग डॉ. कुंवर विजय शाह ने मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उनकी शैक्षिक अपेक्षाओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय का नाम सांदीपनि ऋषि के नाम पर रखना गौरव का विषय है, जिन्होंने स्वयं भगवान कृष्ण को शिक्षा प्रदान की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा विद्यालय के नामकरण के इस निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया। डॉ. शाह ने विद्यार्थियों को एपीजे अब्दुल कलाम एवं लाल बहादुर शास्त्री के संघर्षमय जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा “अच्छा इंसान बनो, संयम और अनुशासन का पालन करो, माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करो। अच्छा सोचोगे तो अच्छा करोगे।” कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने स्कूली छात्र- छात्राओं से चर्चा की और मध्य प्रदेश शासन से बच्चों की अपेक्षाएं बतलाने को कहा। कार्यक्रम में संतोष मेड़ा, गरिमा, अजय भूरिया एवं नीलम मचार द्वारा जनजातीय छात्रों की मध्यप्रदेश शासन से प्रमुख अपेक्षाएँ रखी गईं, जिनमें जिले में मेडिकल कॉलेज एवं बालिकाओं हेतु क्रिकेट अकादमी की स्थापना, JEE–NEET प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष व्यवस्था, दिल्ली में UPSC की तैयारी करने वाले जनजातीय विद्यार्थियों के लिए सीट वृद्धि जैसी मांगें प्रमुख रहीं। जिस पर प्रभारी मंत्री ने बताया कि जिले में बहुत जल्द मेडिकल कॉलेज खुलने जा रहा है, जो स्थानीय विद्यार्थियों के लिए बड़ा अवसर साबित होगा। साथ ही UPSC/MPPSC की तैयारी हेतु इंदौर में उपलब्ध शासकीय सहायता के बारे में बताया तथा एक छात्रा को क्रांति गौड़ से मिलवाए जाने की बात कही।
मजबूत नींव ही उज्ज्वल भविष्य का आधार है – कलेक्टर नेहा मीना
कलेक्टर नेहा मीना ने संबोधन में कहा कि सांदीपनि विद्यालय निरंतर शत-प्रतिशत परिणाम देता आया है। यही विद्यार्थी आगे चलकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि मजबूत नींव ही उज्ज्वल भविष्य का आधार है। छात्राओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सक्षम होना अत्यंत आवश्यक है। पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह ने भी विद्यालय की उत्कृष्ट उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि 100 प्रतिशत परिणाम विद्यालय की अनुशासनप्रियता का प्रमाण है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासनपूर्वक कार्य करने एवं नियमित शेड्यूल बनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन विद्यालय प्रबंधन द्वारा किया गया।