झाबुआ – । अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन पीएम श्री कन्या उ. मा. विद्यालय में जिला प्रशासन एवं गीता प्रतिष्ठान के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्टर नेहा मीना की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ भगवान श्रीकृष्ण, माँ सरस्वती एवं श्रीमद्भगवद्गीता की पूजा-अर्चना से हुआ। कलेक्टर नेहा मीना ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता केवल धार्मिक ग्रन्थ नहीं, बल्कि जीवन का व्यवहारिक मार्गदर्शन है। गीता का ज्ञान हमें कर्तव्यपालन, आत्मअनुशासन और कर्मयोग की प्रेरणा देता है। महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों में न केवल आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ती है, बल्कि जीवन में धैर्य, एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश भी मिलता है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में चरित्र निर्माण एवं संस्कारों का संवर्धन होता है, जो भविष्य निर्माण का आधार है।
गीता का सस्वर पाठ एवं भावार्थ कार्यक्रम में श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का सस्वर पाठ गीता प्रतिष्ठान के प्रहलाद जोशी एवं प्राचार्य श्रीमती सीमा त्रिवेदी द्वारा किया गया, जिसमें छात्राओं एवं उपस्थित जनसमुदाय ने सहभागीता की। सस्वर पाठ उपरांत अध्याय का भावार्थ जैमिनी शुक्ला ने प्रस्तुत किया। इसके बाद राजेश बालसोरा द्वारा कर्मयोग, गीता के सार एवं सनातन संस्कृति में गीता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।
गीता आरती एवं छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम में विधिवत रूप से गीता आरती की गई। गीता आरती के उपरांत कलेक्टर नेहा मीना ने छात्राओं के साथ गीता ज्ञान पर संवाद कर उनके प्रश्नों का उत्तर दिया । कार्यक्रम का आभार प्रदीप पंड्या ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर सी. एस. सोलंकी, एसडीएम झाबुआ भास्कर गाचले, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती सुप्रिया बिसेन, जिला शिक्षा अधिकारी आर. एस. बामनिया, अन्य अधिकारी, विद्यालय स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहे।