श्री ऋषभदेव बावन जिनालय में प्रभु भक्ति करते समाज के श्रावक-श्राविकाएं, युवा एवं बच्चे।
झाबुआ। स्थानीय जैन तीर्थ श्री ऋषभदेव बावन जिनालय में प्रति गुरुवार आयोजित होने वाली ‘एक शाम प्रभु भक्ति’ श्रृंखला के अंतर्गत इस गुरुवार, 4 दिसंबर को रात 8.10 से 8.40 बजे तक भगवान आदिनाथ की प्रतिमा के समक्ष समाज के श्रावक-श्राविकाओं, युवाओं एवं बच्चों द्वारा भक्ति का आयोजन किया गया। पूर्णिमा होने के कारण शहर के सभी जैन मंदिरों में दिनभर दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ रही।
श्वेतांबर जैन श्री संघ के मीडिया प्रभारी रिंकू रूनवाल ने बताया कि हर गुरुवार समाजजनों—विशेषकर युवाओं और बच्चों—द्वारा मोबाइल और आधुनिक साधनों से दूर रहकर आधे घंटे प्रभु की आराधना करने का संकल्प लिया गया है। प्रत्येक सप्ताह इसमें शामिल होने वालों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। प्रभु भक्ति से बच्चों और युवाओं में धार्मिक संस्कार, अनुशासन और भक्ति का भाव विकसित हो रहा है। अब बड़े भी उत्साहपूर्वक इस भक्ति में शामिल हो रहे हैं।
श्री संघ अध्यक्ष संजय मेहता, वरिष्ठ तेजप्रकाश कोठारी, अनिल राठौर, मुकेश रुनवाल, मुकेश लोढ़ा, अंकित रुनवाल, अंकित छाजेड, प्रतीक मोदी, प्रतीक मूथा, उल्लास जैन, हेमेंद्र संघवी, मनोज जैन नाकोड़ा, रिंकू रूनवाल आदि ने समाजजनों से हर गुरुवार बावन जिनालय पहुंचकर प्रभु भक्ति का लाभ लेने की अपील की है।
पूर्णिमा पर जैन मंदिरों में रही भीड़ श्री संघ मीडिया प्रभारी रिंकू रूनवाल के अनुसार पूर्णिमा होने से श्री ऋषभदेव बावन जिनालय सहित श्री नाकोड़ा पार्श्वनाथ मंदिर, दादावाड़ी गणधर मंदिर, महावीर बाग, श्री गौड़ी पार्श्वनाथ मंदिर (कृषि उपज मंडी के पास), रंगपुरा जैन मंदिर तथा देवझिरी स्थित श्री आदिनाथ माणिभद्र जैन मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूजा-अर्चना और दर्शन का क्रम पूरे दिन जारी रहा।