झाबुआ। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति में सुशासन पर आधारित एक विचार–गोष्ठी का आयोजन भाजपा जिला कार्यालय में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद श्री गुमान सिंह डामोर ने कहा कि “अटल जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि भारत की आत्मा के स्वर थे। उन्होंने राजनीति को सेवा, सुचिता और सुशासन की दिशा दी।” श्री डामोर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने कठिन परिस्थितियों में भी लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोपरि रखा। पोखरण परमाणु परीक्षण, ग्राम सड़क योजना, सर्व शिक्षा अभियान और विदेश नीति में भारत को नई पहचान देना—ये सभी अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व के उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि “आज केंद्र में जो सुशासन की अवधारणा साकार हो रही है, उसकी नींव अटल जी ने ही रखी थी।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अटल जी के विचारों को केवल स्मरण तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें जन-जन तक पहुंचाकर व्यवहार में उतारें—यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री भानु भूरिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि “अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने सिखाया कि सत्ता नहीं, सेवा का भाव बड़ा होता है। आज भारतीय जनता पार्टी जिस विचारधारा के साथ आगे बढ़ रही है, उसमें अटल जी के संस्कार स्पष्ट दिखाई देते हैं।” कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री श्री राजेश वासुनिया ने प्रभावशाली ढंग से किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला समर्थ उपाध्याय द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व जिला अध्यक्ष ओम शर्मा, जिला महामंत्री विजय चौहान, राजेश वासुनिया, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष कुलदीप चौहान, मंडल अध्यक्ष अंकुर पाठक, एनजीओ प्रकोष्ठ जिला संयोजक मनोज अरोरा, सहकारी प्रकोष्ठ जिला संयोजक यशवंत भंडारी, बुद्धि प्रकोष्ठ बैरागी जी, खेल प्रकोष्ठ जिला संयोजक शैलेश सिंगर पार्षद महेंद्र तिवारी, रेखा शर्मा, पर्वत मकवाना, स्वीट गोस्वामी, जुवान सिंह गुंडिया, रवि थापा, राजेश थापा, मोनू भूरिया, शरत शास्त्री, विजय नायर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों पर चर्चा करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया गया।