शहर में विरोध रैली निकालकर देश के महामहिम राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन झाबुआ। बांग्लादेश में हिन्दूओं पर लगातार हो रहे अत्याचार एवं उनकी निर्मम हत्याओं से सकल हिन्दू समाज में तीव्र आक्रोश है। इसी को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन, रैलियां एवं ज्ञापन के क्रम में जिला मुख्यालय पर भी 29 दिसंबर, सोमवार दोपहर 12 बजे शहर के राजवाड़ा से सकल हिन्दू समाज ने एकजुट होकर बांग्लादेश मंें घट रहीं घटनाओं को लेकर कड़ा आक्रोश जाहिर किया गया। विरोध स्वरूप शहर में रैली निकाली गई। यह रैली नारेबाजी के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्टोरेट पहुंची। जहां देश के महामहिम राष्ट्रपति के नाम एसडीएम झाबुआ भास्कर गाचले को ज्ञापन सौंपा गया। सोमवार दोपहर 11.30 बजे से सकल हिन्दू समाज के लोग राजवाड़ा पर एकत्रित हुए। बाद दोपहर 12 बजे से यहां से दो-दो की कतार में रैली निकाली गई। रैली में आगे वाहन पर विश्व हिन्दू परिषद् के पदाधिकारी हिमांशु त्रिवेदी ने बांग्लादेश में हिन्दूओं के साथ हो रहीं घटनाओं, अत्याचार और निर्मम हत्याओं पर कड़ा विरोध प्रकट किया एवं सभी से ‘हिन्दूओं पर अत्याचार नहीं सकेगा हिन्दूस्तान’ के सामूहिक जयघोष लगवाए। बाद मातृ शक्ति अपने हाथों में काली पट्टी बांधकर शामिल हुई। इसके पीछे युवा और सबसे पीछे समाज के वरिष्ठजन अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर सभी ने उत्साहपूर्वक भगवान श्रीराम, भारत माता की जय, वंदे मातरम् के सामूहिक जयघोष लगाए। रैली में बड़ी संख्या में सकल हिन्दू समाज के लोग शामिल हुए। यह रैली शहर के राजवाड़ा से श्री गौवर्धननाथ मंदिर तिराहा, आजाद चौक, बाबेल चौराहा, थांदला गेट, मेन बाजार, गांधी चौराहा, बस स्टैंड, नगरपालिका कार्यालय परिसर, हाईवे मार्ग होते हुए कलेक्टोरेट पहुंची। महामहिम राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन यहां देश के महामहिम राष्ट्रपति के नाम एसडीएम श्री गाचले को ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन का वाचन हिन्दू नववर्ष उत्सव समिति अध्यक्ष आशीष चतुर्वेदी ने किया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि बांग्लादेश में दीपूदास के साथ हुई निर्मम एवं अमानवीय घटना से पूरे भारत में सकल हिन्दू समाज आहत है। बांग्लादेश में लगातार हिन्दूओं पर हो रहे अत्याचार एवं निर्मम हत्याओं के मामलों में भारत सरकार एवं महामहिम राष्ट्रपति को संज्ञान लेकर ऐसे मामलों में हस्तक्षेप कर कठोर और सख्त कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। लगातार हो रहीं अमानवीय घटनाएं ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि भारत के समस्त हिन्दू समाज के नागरिक बांग्लादेश में दीपूदास के साथ हुई निर्मम, अमानवीय एवं निंदनीय घटनाओं से अत्यंत आहत एवं आक्रोशित है। यह घटना मानवाधिकार के घोर उल्लंघन के साथ बांग्लादेश में रहने वाले अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। ऐसी घटनाएं मानवीय सभ्यता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के सर्वथा विरूद्ध है। पड़ौसी देश में अल्पसंख्यक समुदाय के साथ हो रहा अत्याचार शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण को क्षति पहुंचाने वाला ह, इसलिए देश के सकल हिन्दू समाज की मांग है कि भारत सरकार राजनीतिक माध्यमों से बांग्लादेश सरकार से इस घटना की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच करवाकर दोषियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई करे एवं वहां रह रहे हिन्दू की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु ठोस कदम उठाए जाए। महामहिम राष्ट्रपति से पूर्ण संवेदनशीलता एवं संवैधानिक दायित्वों के अनुरूप इस गंभीर विषय पर उचित कार्रवाई करने की मांग रखी गई। सकल हिन्दू समाज के ज्ञापन पश्चात् जिला प्रशासन की ओर से उक्त ज्ञापन को कार्रवाई हेतु उच्च स्तर पर प्रेषित करने संबंधी आश्वास्त किया गया।