आलीराजपुर,07 जनवरी 2026। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर के निर्देशन में जिले की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 191 आलीराजपुर एवं 192 जोबट अंतर्गत आने वाले शासकीय महाविद्यालयों तथा शासकीय/अर्द्धशासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत पात्र युवाओं को मतदाता सूची में सम्मिलित करने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग द्वारा 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि पर पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के उद्देश्य से विद्यालय स्तर पर 09 जनवरी एवं 10 जनवरी 2026 को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, नोडल अधिकारी एवं बी.एल.ओ. सुपरवाइजरों को निर्धारित प्रारूप में जानकारी भेजने एवं आवश्यक कार्यवाही संपादित करने के निर्देश दिए गए हैं। शैक्षणिक संस्था के नोडल अधिकारी 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवाओं का चिन्हांकन कर यथासंभव ECI Net App एवं
voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से फार्म-6 घोषणा पत्र को प्राथमिकता से भरवा कर उसकी रिपोर्ट BLO सुपरवाइजर के माध्यम से निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को प्रस्तुत कराना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही नियत तिथियों में हाट-बाजारों एवं मजरे-टोलों में भी विशेष कैम्प आयोजित कर पात्र युवाओं को मतदाता सूची में सम्मिलित करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना है।