झाबुआ

विहिप एवं बजरंग दल द्वारा उत्कृष्ट विद्यालय मैदान पर ‘महाराज नो मेलो’ में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में पहुंच रहे लोग

Published

on


मेले में झूले-चकरी का आनंद लेने के साथ दुकानों पर चल रहा खरीदी का दौर
झाबुआ। विश्व हिन्दू परिषद् एवं बजरंग दल द्वारा स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय मैदान पर 6वां ‘महाराज नो मेलो’ का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला विगत 1 जनवरी से शुरू होकर आगामी 20 जनवरी तक चलेगा। मेले का समय प्रतिदिन सुबह 9 से रात 10.30 बजे तक रखा गया है। मेले का शुभारंभ प्रतिदिन प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश एवं जिले के आदिवासी संत स्व. खुमसिंह महाराज की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ हो रहा है।
जानकारी देते हुए मेला आयोजक विहिप धर्म प्रचार के प्रांत परावर्तन प्रमुख राजूभाई निनामा एवं विहिप जिला उपाध्यक्ष राहुल डामोर ने बताया कि मेले में 1 बड़ा झूला, 2 ड्रेगन, 2 ब्रेक डांस, 1 ट्रेन, 1 राउंड झूला, 1 राकेट, 2 मिक्की माऊस के साथ अन्य बच्चों के झूले लगे हुए है। इसके अलावा मेले में कपड़े, श्रृंगार, सौंदर्य प्रसाधन, बच्चों के खिलौने एवं स्वल्पहार आदि की करीब 25-30 दुकाने सजी हुई है। प्रतिदिन शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के सैकड़ों लोग मेले में झूले-चकरी के आनंद लेने के साथ साथ दुकानों पर जमकर खरीदी का भी क्रम चल रहा है। मेले में सुरक्षा व्यवस्था विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा संभाले जाने के साथ पुलिस प्रशासन एवं ट्रेफिक पुलिस द्वारा सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए है। विहिप एवं बजरंग दल ने अंतिम 5 दिवस मेले में अधिकाधिक संख्या में लोगों से सम्मिलित होकर आनंद लेने हेतु अपील की है।

Trending