झाबुआ

धार भोजशाला में 23 जनवरी को बसंती पंचमी मनाए जाने को लेकर जिले की व्यवस्थाओं संबंधी हुई चर्चा

Published

on


पुलिस कंट्रोल रूम में शांति समिति की बैठक हुई आयोजित
झाबुआ। धार में दो संप्रदाय के बीच चल रहे भोजशाला विवाद के बीच भोजशाला में 23 जनवरी को हिन्दू समाज द्वारा बसंती पंचमी पर्व मनाए जाने एवं मुस्लिम समाज द्वारा 23 जनवरी, शुक्रवार को जुम्मे की नमाज होने से जिले की व्यवस्थाओं संबंधी चर्चा को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। जिसमें जिले में बसंती पंचमी पर होने वाले कार्यक्रमों के साथ शांति समिति सदस्यों से इस संबंध मंे सुझाव आमंत्रित किए गए।
यह बैठक एसडीएम भास्कर गाचले, एसडीओपी रूपरेखा यादव एवं थाना प्रभारी आरसी भास्करे के आतिथ्य में हुई। जिसमें शांति समिति सदस्यों में हिन्दू समाज से राधेश्याम परमार ‘दादुभाई’, चेतना चौहान, सकल व्यापारी संघ सचिव हिमांशु त्रिवेदी, स्वदेशी जागरण मंच से जुड़े अनिल पोरवाल, मुस्लिम पंचायत के जिला सदर जाकिर कुरैशी, पार्षद रशीद कुरैशी, भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सोनू अली सैयद, युवा मोर्चा जिला मीडिया प्रभारी दौलत गोलानी आदि उपस्थित रहे। बैठक में दोनो समाजों के प्रतिनिधियांे से प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा धार भोजशाला में 23 जनवरी, शुक्रवार को प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी हिन्दू समाज द्वारा बसंती पंचमी मनाए जाने एवं मुस्लिम समाज द्वारा जुम्मे की नमाज होने से जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई। दोनो समाजों के प्रतिनिधियों से चर्चा कर जानकारी ली गई कि धार में इस दिन होने वाले कार्यक्रमों में जिले से कोई व्यक्ति शामिल हो रहा है या नहीं। जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम भास्कर गाचले ने बताया कि फिलहाल धार भोजशाला का मामला कोर्ट में विचाराधीन है एवं शासन के आदेश पर धार जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने इस दिन वहां विशेष इंतजाम किए है। इस दिन कार्यक्रम में धार जिले के अलावा कोई भी बाहरी व्यक्तियों को शामिल होने की अनुमति नहीं है।
जिले में होने वाले कार्यक्रमों पर हुई चर्चा
शांति समिति की बैठक में 23 जनवरी, शुक्रवार को बसंती पंचमी पर हिन्दू समाज एवं मुस्लिम समाज की ओर से होने वाले कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। एसडीएम भास्कर गाचले एवं एसडीओपी रूपरेखा यादव ने बताया कि जिले में भी इस दिन सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहेंगे। यह बैठक करीब आधे घंटे तक चली। अंत में पधारे शांति समिति सदस्यों के प्रति आभार थाना प्रभारी आरसी भास्करे ने माना।

Trending