उत्कृष्ट मैदान से भव्य आक्रोश रैली निकालकर कलेक्टर को सौंपा जाएगा ज्ञापन झाबुआ। जिले में लगातार बढ़ते गौ-हत्याओं के मामले, गौकशी, गौ-मांस विक्रय एवं परिवहन जैसी घटनाओं को लेकर जिलेभर में सकल हिन्दू समाज में तीव्र आक्रोश है। इसी क्रम में 23 जनवरी, शुक्रवार देर शाम 7.30 बजे से स्थानीय सिद्धेश्वर कॉलोनी में श्री सिद्धेश्वरी अंबे माता मंदिर पर सर्व हिन्दू समाज की सामूहिक बैठक आयोजित हुई। जिसमें सर्व-सम्मति से निर्णय लिया गया कि इस तरह की घटनाओं को लेकर गौ-माताओं के सम्मान में 27 जनवरी, मंगलवार को झाबुआ जिला स्वैच्छिक बंद रहेगा। इस दौरान मंगलवार दोपहर 1 बजे से जिला मुख्यालय पर उत्कृष्ट विद्यालय मैदान से जन आक्रोश रैली निकाली जाएगी, जो शहर से प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्टोरेट पहुंचने पर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। बैठक में जिलेभर से सर्व हिन्दू समाज के सैकड़ों लोगों की उपस्थिति रहीं। इस दौरान सर्व हिन्दू समाज, विभिन्न हिन्दू संगठनों के पदाधिकारियों, व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी-सदस्य और युवाओं ने जिले में बढ़ती गौ-हत्याओं, गौ-मांस विक्रय, परिहवन के साथ हाल ही में जिले के मेघनगर के ग्राम सजेली के जंगल में हुई गौ-हत्याओं पर तीव्र आक्रोश व्यक्त किया गया। उल्लेखनीय है कि जिले में सनातन समाज एवं समाज के युवाओं द्वारा इसको लेकर सोशल मीडिया पर भी लगातार तीव्र आक्रोश व्यक्त किया जा रहा है। ‘गौ-माताओं के सम्मान में, सकल हिन्दू समाज मैदान में’ के नारे के साथ सर्व हिन्दू समाज और समाज के प्रतिनिधियों द्वारा बैठक में अपने-अपने विचार व्यक्त किए गए। इस दौरान सभी ने उत्साहपूर्वक भगवान श्रीराम, गौ-माता एवं भारत माता के सामूहिक जयघोष भी लगाएं। बैठक में युवाओं की टोलियां रैली के रूप में जयघोष करते हुए सम्मिलित हुई। सर्व हिन्दू समाज में लगातार बढ़ रहीं गौ-हत्याओं की घटनाओं को लेकर तीव्र आक्रोश नजर आया। बैठक में युवाओं के साथ मातृ शक्तियों की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रहीं। झाबुआ जिला स्वैच्छिक बंद रहेगा बैठक में सर्व-सम्मति से तय किया गया कि गौ-माताओं के सम्मान में एवं गौ-हत्याओं पर जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन द्वारा सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर 27 जनवरी, मंगलवार को झाबुआ जिला पूरे दिन स्वैच्छिक बंद रहेगा। बैठक में उपस्थित सर्व हिन्दू समाज, समस्त हिन्दू संगठनों और व्यापारिक संगठनों ने भी इसको लेकर अपनी सहमति व्यक्त की। दोपहर 11 बजे से सर्व हिन्दू समाज, समस्त हिन्दू संगठन और व्यापारीजन भी मंगलवार दोपहर 11 बजे से उत्कृष्ट विद्यालय मैदान पर एकत्रित होंगे। यहां से दोपहर 1 बजे नारेबाजी के साथ भव्य जन आक्रोश रैली निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्टोरेट पहुंचने पर जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में मांग की जाएगी कि सजेली गौ-हत्याकांड में समस्त आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफतार कर उन पर सख्त कार्रवाई की जाए और जिले में गौ-हत्या, गौ-मांस विक्रय एवं परिवहन पर पूर्णतः रोक लगाई जाए।