झाबुआ – कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रोटला को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल विडीयो के संबंध में जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र ने अधीक्षिका श्रीमती बबिता डाबी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है और दो दिन में अपना पक्ष प्रस्तुत करने की बात कही गई ।
जानकारी अनुसार 7 फरवरी को सोशल मिडिया पर प्रसारित विडियो में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रोटला (छात्रावास) की कुछ बालिकाएं बाईबिल की प्रार्थना करते हुये दिखाई दे रही है। इसी को लेकर जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र द्वारा 7 फरवरी को अधीक्षिका बबीता डाबी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है । पत्र में उल्लेख किया गया है कि उक्त प्रकरण संज्ञान में आने पर प्रकरण की जाँच की गई, जिसमें विडियो कमांक 06 में प्रदर्शित लोकेशन आपके छात्रावास से मैच होना पाया गया है। उक्त घटना का छात्रावास में होना आपके पदीय दायित्वो के प्रति गंभीर लापरवाही, वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशो की अवहेलना, स्वच्छाचारिता से कार्य करने का परिचायक है और म.प्र. सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के प्रावधान के नियम (3) के विपरित होकर कदाचरण की श्रेणी में है।उक्त के प्रकाश में मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 16 के तहत एतद् द्वारा आपको कारण बताओं सूचना पत्र जारी किया जाता है। इस संबंध में अपना स्पष्टीकरण 02 दिवस में अद्योहस्ताक्षकर्ता के सम्मुख उपस्थित होकर प्रस्तुत करें। प्रतिउत्तर प्राप्त नही होने अथवा संतोषजनक नही होने की दशा में यह मानते हुए कि आपको उक्तानुसार आरोप स्वीकार्य है, आपके विरूद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जावेगी।