* *विशिष्ट महिलाओं का सम्मान कर बालिकाओं को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित*
*धार 7 मार्च 2026।* मेरा युवा भारत, धार एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय मनावर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। कार्यक्रम संयोजक अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर डॉ. विशाल दामके द्वारा विद्यालय की बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा नशा मुक्ति के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उन्हें स्वास्थ्य, फिटनेस एवं आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर खेल गतिविधियों, व्यायाम जागरूकता, सुरक्षित परिवहन एवं सुरक्षित पर्यटन से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही प्रमुख हेल्पलाइन नंबर 181, 1098, 112, 1930 तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के बारे में भी बालिकाओं को अवगत कराया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अतिथियों को आमंत्रित किया गया। इनमें श्रीमती रानी राठौर (पुलिस उपनिरीक्षक), श्रीमती ज्योति सोनी, डॉ. रचना दामके, श्रीमती श्वेता सोनी, कवयित्री दीपिका व्यास, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी पूजा रावत एवं श्रीमती विनीता भालके शामिल रहीं। अतिथियों ने बालिकाओं को अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित अनुभव साझा करते हुए उन्हें डॉक्टर, पुलिस, कलाकार, खिलाड़ी एवं अधिकारी बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्राचार्य श्री सुनील पुरोहित के स्वागत भाषण से हुई। कार्यक्रम के अंत में डॉ. विशाल दामके द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री रजत जैन ने किया।