झाबुआ। भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश द्वारा आर्थिक शुचिता एवं स्वावलंबन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे समर्पण निधि वर्ष 2026 अभियान के अंतर्गत कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा समर्पण निधि जमा की जा रही है। इसी क्रम में पूर्व सांसद श्री गुमान सिंह डामोर एवं भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के जिला संयोजक श्री मनोज अरोरा ने भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश के समर्पण निधि अभियान में अपनी सहयोग राशि जमा कर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समर्पण निधि अभियान पार्टी की आर्थिक शुचिता और स्वावलंबन की भावना को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं का समर्पण और सहयोग ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से भी आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़कर संगठन को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें। राशि एकत्रीकरण के जिला प्रभारी श्री सतेंद्र यादव ने कहा कि समर्पण निधि अभियान भारतीय जनता पार्टी की पारदर्शी और स्वावलंबी कार्यप्रणाली का प्रतीक है। इस अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता स्वेच्छा से सहयोग राशि देकर संगठन को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अंकुर पाठक, मंडल महामंत्री राजेश थापा एवं दिनेश अमलियर भी उपस्थित रहे।