DHAR

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित*

Published

on

*

*महिलाओं एवं बालिकाओं को अधिकार, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं उत्थान की जानकारी दी गई*

*धार 9 मार्च 2026।* धार जिले के तिरला विकासखंड के सलकनपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकार, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं उत्थान से संबंधित विषयों पर जानकारी दी गई।
      कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुभाष जैन के मार्गदर्शन में एकीकृत बाल विकास परियोजना तिरला द्वारा आयोजित कार्यक्रम में लगभग 150 महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुभाष जैन के मुख्य आतिथ्य एवं सरपंच श्रीमती लक्ष्मी के विशेष आतिथ्य में मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया।
       कार्यक्रम के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कुमारी श्रृष्टि ने महिला समस्या, साहस एवं सफलता विषय पर उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में आरती पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के पदाधिकारी श्री लोकेन्द्र यादव एवं श्री विकास द्वारा महिलाओं के लिए शेर-बकरी खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कुमारी पायल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
       कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुभाष जैन ने कहा कि वैदिक काल में महिलाओं को समाज में समान अधिकार प्राप्त थे। वर्तमान समय में महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, संपत्ति एवं राजनीतिक भागीदारी सहित अनेक अधिकार प्राप्त हैं तथा वे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
        सीडीपीओ तिरला श्री सत्यनारायण मकवाना ने महिलाओं को संबोधित करते हुए घरेलू हिंसा, बाल विवाह, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया तथा महिलाओं से संबंधित विभिन्न कानूनों और योजनाओं की जानकारी दी।
        आकांक्षी विकासखंड के एबीएफ श्री दीपराज परमार ने आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम एवं संपूर्णता अभियान 2.0 के बारे में जानकारी देते हुए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को शत-प्रतिशत पोषण आहार उपलब्ध कराने तथा पोषण ट्रैकर पर नियमित प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
        कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, स्व सहायता समूह की महिलाओं तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन पर्यवेक्षक श्रीमती राखी देवड़ा द्वारा किया गया।

Trending