*धार 10 मार्च 2026।* सिप्ला के सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) एवं बाएफ लाइवलीहुड्स द्वारा संचालित प्रोजेक्ट जलधारा के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ग्राम फरसपुरा स्थित बालाजी मंदिर परिसर में कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा अपने गांवों में किए जा रहे नवाचारों, जल संरक्षण के प्रयासों और आजीविका संवर्धन से जुड़े अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए विशेष संगोष्ठी, जागरूकता गतिविधियों एवं प्रेरणादायक खेलों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से जल प्रबंधन, स्वच्छता, सामुदायिक सहभागिता तथा सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, वहीं अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर सौर तकनीक से संबंधित एक विशेष तकनीकी सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें सोलर होम लाइट एवं 3 एचपी सोलर पम्प के उपयोग, रखरखाव और उससे मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। तकनीकी विशेषज्ञ संदीप गुप्ता ने प्रतिभागियों को सौर ऊर्जा आधारित उपकरणों के प्रभावी उपयोग के बारे में प्रशिक्षण दिया तथा महिलाओं के प्रश्नों के उत्तर देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान सभी महिलाओं को सोलर होम लाइट का सहयोग भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत फरसपुरा की सरपंच श्रीमती संतोषी बाई रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बाएफ लाइवलीहुड्स के कार्यक्रम प्रबंधक जे.एल. पाटीदार ने की। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए ग्रामीण विकास में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर क्लस्टर लीडर ज्ञानसिंग यादव, प्रोजेक्ट इंजीनियर हरिओम पटेल, कृषि अधिकारी पुरुषोत्तम मीणा, सामाजिक अधिकारी आयुषी त्रिवेदी, पथ प्रदर्शक सुनील भाभर, प्रवीण चौहान, भीम सिंह डिण्डोरे तथा भरत कटारे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समन्वय एवं संचालन आयुषी त्रिवेदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत फरसपुरा की महिलाओं ने सिप्ला एवं बाएफ लाइवलीहुड्स द्वारा जल संरक्षण, सौर ऊर्जा के प्रसार तथा ग्रामीण आजीविका संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने इस पहल को ग्रामीण विकास एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।