* *धार, 11 मार्च 2026।* भारत की जनगणना 2027 के सफल संचालन एवं प्रभावी पर्यवेक्षण के उद्देश्य से जिले में द्वितीय चरण का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ई-दक्षता केंद्र, धार में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में आगामी जनगणना के प्रथम चरण में प्रस्तावित मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। जनगणना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जिन्हें जिला स्तर पर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में निदेशालय की ओर से प्रशिक्षक श्री आकाश सोनी द्वारा धार जिले के ग्रामीण चार्ज अधिकारियों (तहसीलदार) को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं, एमएमएस पोर्टल के संचालन एवं कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर एमएमएस पोर्टल पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही जिला जनगणना हस्तपुस्तिका, अनुसूची एवं प्रक्रिया प्रवाह के बारे में भी व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में प्रगणकों एवं सुपरवाइजर की सूची को एक्सेल के माध्यम से अपलोड कर नियुक्ति आदेश जारी करने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार, जनगणना लिपिक, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जिला जनगणना अधिकारी उपस्थित रहे।