झाबुआ —– अंकुरम इंटरनेशनल स्कूल, झाबुआ ने शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल करते हुए देश की प्रसिद्ध एडटेक संस्था फिजिक्स वाला के साथ टाई-अप की घोषणा की। इस सहयोग के तहत अब कक्षा 9 एवं 10 के विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर में ही NEET एवं JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी कराई जाएगी। इस पहल के साथ अंकुरम इंटरनेशनल स्कूल झाबुआ क्षेत्र का पहला विद्यालय बन गया है, जो स्कूली शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्थित तैयारी की सुविधा प्रदान करेगा।
इस अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्री विजय भाबोर एवं सक्रिय समाजसेवी श्री अंबरीष भावसार , मास्टर ट्रेनर श्रीमती धनश्री लट्टू उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के संस्थापक द्वारा मुख्य अतिथियों के स्वागत से हुई, जिसके पश्चात प्राचार्य डॉ. रितेश लिमये ने स्वागत उद्बोधन देते हुए इस पहल को क्षेत्र की शिक्षा के लिए एक नई दिशा बताया।
विद्यालय के संस्थापक डॉ. लोकेश दवे ने NEET एवं JEE की तैयारी करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाओं की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप मार्गदर्शन प्रदान करेगा। विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. चारुलता दवे ने इस पहल के पीछे की सोच साझा करते हुए कहा कि झाबुआ एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों में भेजना होती थी। इस टाई-अप से अब विद्यार्थी अपने परिवार के साथ रहते हुए ही उच्च स्तरीय तैयारी कर सकेंगे, जिससे आर्थिक एवं भावनात्मक दोनों प्रकार की कठिनाइयाँ कम होंगी।
श्रीमान भाबोर ने आदिवासी क्षेत्र में अंकुरम के इस कार्य को बहुत सराहा है । अंकुरम की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को बहुत मदद मिलेगी। छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अब दूसरे शहर नहीं जाना पड़ेगा। आर्थिक स्थिति के कारण जो छात्र अन्य शहर में नहीं जा सकते थे वे अब झाबुआ में ही रहकर पढ़ाई कर सकेंगे
श्रीमान भावसार ने इस अवसर पर कहा कि यह अंकुरम इंटरनेशनल स्कूल यथा नाम तथा काम कर रहा है। छात्रों को अब परिवार छोड़कर अन्य शहर नहीं जाना होगा। झाबुआ और अलीराजपुर जिले की शिक्षण संस्थानों में अंकुरम इंटरनेशनल स्कूल जिले का पहला स्कूल है जहां यह ‘ फिजिक्स वाला’ टाई – अप हुआ है ।झाबुआ जिले के लिए बहुत बड़ी सौगात है।
श्रीमती धनश्री लटटू ने कहा की वे अंकुरम से शुरुआती दिनों से जुडी है जब प्रीप्राइमरी से शुरुवात की थी आज अंकुरम झाबुआ का सबसे तेज़ बढ़ता स्कूल है ओर टेक्नोलॉजी के माध्यम से बच्चों को राष्ट्रीय स्तर का एक्सपोज़र देने को तैयार है।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी बताया कि वार्षिक उत्सव के दौरान विद्यार्थियों से किए गए वादे को पूरा करते हुए विद्यालय में रोबोटिक्स लैब , 3 डी प्रिंटर और स्मार्ट पैनल आधारित आधुनिक शिक्षण सुविधाएं भी प्रारंभ कर दी गई हैं। इन तकनीकों के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी शिक्षा से जोड़ते हुए वर्ल्ड-क्लास क्वालिटी एजुकेशन प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आभार प्रदर्शन विद्यालय की शिक्षिका सुश्री प्रीति शर्मा द्वारा किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि फिजिक्स वाला के साथ यह सहयोग झाबुआ क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने हेतु सशक्त बनाएगा।
इस अवसर पर समस्त मीडिया कर्मी, अंकुरम एकेडमी राणापुर और अंकुरम इंटरनेशनल स्कूल झाबुआ के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।