सेवा भारती केंद्र, झाबुआ सेवा भारती केंद्र, झाबुआ द्वारा एक माह की अवधि में आयोजित “डोर मैट निर्माण कार्यशाला” का सफलतापूर्वक समापन किया गया। इस कार्यशाला में सहभागी बहनों ने सरल एवं सुलभ विधि से विभिन्न प्रकार के आकर्षक और उपयोगी डोर मैट बनाना सीखा। प्रशिक्षण के दौरान बहनों ने कम संसाधनों में सुंदर एवं टिकाऊ उत्पाद तैयार कर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। यह कार्यशाला महिला प्रमुख श्रीमती भारती सोनी एवं श्रीमती ज्योति त्रिवेदी के निर्देशन में संपन्न हुई, जिसमें 25 चयनित बहनों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षक श्रीमती शालिनी सोनी एवं खुशबू दीदी ने अत्यंत कुशलता एवं सृजनात्मकता के साथ प्रशिक्षण प्रदान किया, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक एवं उपयोगी ज्ञान प्राप्त हुआ। कार्यशाला की सफलता को देखते हुए एवं बहनों के विशेष अनुरोध पर आगामी प्रशिक्षण सत्र हेतु पुनः पंजीयन प्रारंभ किया जा रहा है। विशेष उल्लेखनीय है कि इस प्रशिक्षण में “वेस्ट टू बेस्ट” की अवधारणा को अपनाते हुए स्थानीय संसाधनों (लोकल इंडिया) का उपयोग किया गया। न्यूनतम नामांकन शुल्क में प्रदान किए गए इस एक माह के प्रशिक्षण में किसी प्रकार के अतिरिक्त उपकरणों की आवश्यकता नहीं रही, जिससे यह प्रशिक्षण अत्यंत किफायती एवं सुलभ सिद्ध हुआ। यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहाँ वे अपने कौशल एवं परिश्रम के बल पर स्वरोजगार की ओर अग्रसर हो सकती हैं।