झाबुआ। शहर के आजाद चौक के समीप श्री गोवर्धननाथजी की हवेली (श्री गोवर्धननाथजी मंदिर) में स्वर्णिम पल है जब पूज्यपाद गोस्वामी नित्य लीलास्थ श्री 108 देवकीनंदन जी महाराज श्री के सुपुत्र एवं श्री गोवर्धननाथजी की हवेली के सर्वाध्यक्ष तथा मंदिर ट्रस्ट प्रमुख पूज्यपाद 108 श्री दिव्येशकुमार जी महाराज श्री का शुभ जन्मदिवस 6 अप्रैल 2026 सोमवार को पूरे धूमधाम हर्षोल्लास एवं सा- आनंदपूर्वक मनाया जाएगा। जानकारी देते हुए मंदिर ट्रस्ट के अधिकारी बृज बिहारी त्रिवेदी ने बताया कि मंदिर ट्रस्ट के लिए यह सुखद अवसर है जब श्री गोवर्धननाथजी की हवेली में पीठाधीश पूज्यपाद 108 श्री दिव्येशकुमारजी महाराज श्री प्रभु श्री गोवर्धननाथजी की शरण में अपना जन्मदिवस प्रथम बार मनाने पधारेंगे । जिसको लेकर आयोजक श्री यमुना महिला मंडल श्री गोवर्धन नाथ मंदिर ट्रस्ट एवं समस्त वैष्णव भक्तजनों में अत्यधिक उत्साह का माहौल है पूरे मंदिर को सुंदर रूप से सजाया जा रहा है आयोजन की तैयारियां जोर-जोर से जारी हो गई है उक्त कार्यक्रम में 108 श्रीदिव्येशकुमार जी महाराजश्री अपने परिवार सहित पधारेंगे। गोस्वामिनी लक्ष्मी बहूजी महाराजश्री, अ.सौ. गोस्वामिनी दिव्यश्री बहूजी,अ.सौ.शुभप्रदा बेटीजी , कौशलकुमार , गो. प्रियव्रजरायजी बावाश्री, गो. अनुश्रतरायजी बावाश्री अपना मंगल सानिध्य प्रदान करेंगे। समस्त वल्लभ कुल परिवार की ट्रस्ट की ओर से अगवानी कर आत्मीय अभिनंदन किया जाएगा।
यह होंगे कार्यक्रम।
मंदिर से जुड़े युवा कान्हा अरोड़ा ने बताया कि निर्धारित किए गए कार्यक्रम के तहत 06 अप्रैल 2026 सोमवार सुबह 9:30 बजे पलना दर्शन बाद 11:15 बजे विद्वान ब्राह्मणजनों के द्वारा वैदिक मार्कंडेय पूजन संपन्न होगा। इसके पश्चात दोपहर 12:30 बजे राजभोग दर्शन में फूल मंडली का मनोरथ होगा। सायं काल 7:00 बजे शयन दर्शन में रसकुंज का मनोरथ होगा और शयन दर्शन पश्चात सांस्कृतिक संध्या ,केसर-स्नान बधाई-कीर्तन एवं गरबा-रास आदि का आयोजन होगा। इसी के साथ कार्यक्रम समापन होगा। इस अवसर पर इंदौर,धार, खरगोन,राणापुर, अलीराजपुर, खेतिया,जोलाना, बडौदा आदि कई जगह से वैष्णव भक्तजन इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने पधारेंगे। आयोजक यमुना महिला मंडल एवं श्री गोवर्धननाथजी मंदिर ट्रस्ट ने समस्त वैष्णव भक्तजनों से सभी आयोजनों में अधिकाधिक संख्या में पधारने हेतु अपील की है।